रियो डि जेनेरो। सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की अनुभवी भारतीय जोड़ी ने रियो ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन के एंडी मरे और हेदर वॉटसन की जोड़ी को लगातार सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर मिश्रित युगल टेनिस स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

इस जीत के साथ ही भारत को पदक जीतने के दो मौके मिल गए हैं।
अगर भारत अपना अगला मुकाबला जीत जाता है तो वह फाइनल में प्रवेश कर जाएगा और कम से कम रजत पदक मिलेगा। अगर हारता है तो फिर भी उसे कांस्य पदक के लिए मुकाबला करना होगा।
गुरूवार देर रात हुए टेनिस के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने ब्रिटेन की जोड़ी को केवल 67 मिनटों में हरा दिया। वाटसन को पहले सेट में सर्व करने और ग्राउंड स्ट्रोक लगाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।















