शिकागो की मशहूर आर्टिस्ट गर्ट्रूड एबरक्रॉम्बी का एक बहुत पुराना खोया हुआ मास्टरपीस अमरीका के मिशिगन राज्य में एक मामूली सेल में सिर्फ़ 30 डॉलर में खरीदा गया, जो बाद में ऑक्शन के दौरान लाखों में बिका।
एक कलेक्टर पुराने विनाइल रिकॉर्ड खरीदने अमरीका के मिशिगन में पहुंचा था। यहाँ उसकी नजर एक पेंटिंग पर टिक गई। महज 30 डॉलर में खरीदी गई यह कलाकृति बाद में करोड़ों की निकली। पेंटिंग के पीछे लिखे एक नाम ने उसकी पहचान बताई और फिर ऐसा किस्सा सामने आया जो सभी को हैरान कर गया।
पड़ताल करने पर मालूम हुआ कि यह मशहूर कलाकार गर्ट्रूड एबरक्रॉम्बी की बनाई दुर्लभ पेंटिंग है, जो दशकों से लोगों की नजरों से दूर थी। इसके बाद यह कलाकृति नीलामी तक पहुंची, जहां इसकी कीमत इतनी बढ़ी कि 30 डॉलर में हुई यह खरीद करोड़ों रुपये की डील में बदल गई।
‘एल्डरमैन मेरियम्स शेल्स’ नाम की इस पेंटिंग के 150,000 डॉलर से 250,000 डॉलर के बीच बिकने की उम्मीद थी, लेकिन फ्रीमैन्स ऑक्शन्स में बोली लगाने वालों से कड़े मुकाबले के बाद यह रिकॉर्ड 1.35 मिलियन डॉलर में बिकी।
एक्सपर्ट रिसर्च के मुताबिक, यह पेंटिंग 1952 में डॉक्टर जॉन रेनॉल्ड्स को एक ट्रीटमेंट के बदले गिफ्ट में दी गई थी। यह पेंटिंग लगभग 75 साल तक उसी परिवार के पास रही, जिसके बाद जुलाई में एक सेल में यह सिर्फ़ 30 डॉलर में एक खरीदार के हाथ लग गई। दशकों तक यह पेंटिंग परिवार के पास रही ज़रूर मगर उन्हें इसकी ऐतिहासिक और कलात्मक अहमियत का अंदाजा नहीं हो सका।
1951 में बनी यह खूबसूरत पेंटिंग शिकागो के पूर्व काउंसिलमैन और आर्ट कलेक्टर रॉबर्ट मेरियम द्वारा इकट्ठा किए गए सीपों को बहुत अच्छे से दिखाती है। इस खोज को खास बनाने वाली वजह यह रही कि पेंटिंग करीब 70 वर्षों से सार्वजनिक नजरों से ओझल थी।