एनटीपीसी का बॉयलर फटने से 16 लोगों की मौत, 100 घायल, जांच के आदेश

नई दिल्ली,एनटीपीसी का बॉयलर फटने से 16 लोगों की मौत. यूपी के रायबरेली जिले में स्थित NTPC प्लांट का बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया है. 6 नम्बर यूनिट में बॉयलर फटने से हुए इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है. इस घटना से करीब 100 लोग घायल हुए हैं और एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर है. वहीं NTPC ने घटना की जांच का आदेश दे दिया है.
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना जाहिर करते हुए उनके परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार का मुआवजा दिया जाएगा. सभी घायलों का इलाज सरकार अपने खर्च से कराएगी.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने यूपी के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह से बात की है और उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव को भी निर्देश दिया है कि वह हरसंभव सहायता करें.
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतक परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई है.
सीएम योगी ने राज्य के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को राहत एवं बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ. घटना में झुलस चुके कई मजदूरों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. एनटीपीसी में सीआरपीएफ की कई कंपनियां तैनात हैं और मीडिया सहित सभी बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार इस यूनिट में करीब 1500 मजदूर काम करते थे.
जिला प्रशासन के अनुसार 40 से 50 लोग गंभीर रूप से जले हुए हैं और उनका उपचार किया जा रहा है. उस इलाके में उपलब्ध सभी एम्बुलेंस को सेवा में लगा दिया गया है. जिले के सभी आला अधिकारी घटनास्थल पर हैं. एनडीआरएफ की 32 सदस्यों की एक टीम ऊंचाहार के लिए रवाना हो चुकी है. यह टीम सभी सुविधाओं से लैस है.
जानकारी के मुताबिक यह हादसा एनटीपीसी ऊंचाहार की 500 मेगावॉट की छठी यूनिट में हुआ है. हादसे की गंभीरता को देखते ऊंचाहार सीएचसी से लेकर जिला अस्पताल तक अलर्ट जारी कर दिया गया. सभी चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ को आपातकालीन ड्यूटी पर बुला लिया गया है. अस्पताल के बाहर और भीतर पीड़ितों के परिजनों की भीड़ है।

 

 

http://www.naqeebnews.com

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *