उत्तर प्रदेश और करीबी राज्यों के लिए एनआईए यानी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एयरपोर्ट प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। यह जमीनी कनेक्टिविटी बढ़ाने में मददगार होगा।

एनआईए एयरपोर्ट से यूपी के प्रमुख सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक शहरों के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इस नई साझेदारी के अंतर्गत प्रमुख शहरों जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन और हाथरस के लिए एयरपोर्ट आवागमन की सुविधा अब और भी आसान हो जाएगी।
एयरपोर्ट पहुंचने के इस सुविधा से यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से तेज व सुरक्षित साधन मिलेगा। इस समझौते के तहत मुख्य रूटों में एनआईए–मथुरा–वृंदावन–एनआईए, धार्मिक पर्यटन के लिए बड़ा राहत मार्ग शामिल हैं। एनआईए–आगरा–एनआईए ताजनगरी आगरा तक सीधी पहुंच है।
इसके अलावा बस सेवाएं बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, हापुड़, हाथरस, मुरादाबाद और शिकोहाबाद सहित प्रदेश के अन्य शहरों तक विस्तारित की जाएंगी।
एनआईए इन संयुक्त प्रयासों की बदौलत अब 4 राज्यों के 25 से अधिक शहरों से सीधा जुड़ चुका है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए मल्टीमॉडल परिवहन नेटवर्क तैयार हो रहा है।
यह परियोजना यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सरकार के सहयोग से 40 वर्ष की रियायत अवधि में संचालित की जा रही है। इसके पहले चरण में एयरपोर्ट एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ 12 मिलियन यात्रियों प्रति वर्ष को संभालने में सक्षम होगा। चौथे चरण के पूरा होने पर इसकी क्षमता 70 मिलियन यात्रियों प्रति वर्ष तक पहुंच जाएगी, जो इसे क्षेत्र का प्रमुख एविएशन हब बनाएगी।















