टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन बने नोएल टाटा

उद्योगपति रतन टाटा की मृत्यु के बाद उनके भाई नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह फैसला टाटा ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों की सहमति से लिया गया।

टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन बने नोएल टाटा

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट में ट्रस्टी नोएल की संयुक्त रूप से टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में 66 फीसद की हिस्सेदारी है। वह टाटा समूह से चार दशक से ज़्यादा समय से जुड़े हैं। नोएल टाटा इस नियुक्ति के साथ सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के ग्यारहवें जबकि सर रतन टाटा ट्रस्ट के छठे अध्यक्ष बन गए हैं।

वर्तमान में नोएल टाटा, टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के बोर्ड में सम्मिलित हैं। इसके अलावा वह टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड, वोल्टास और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन और टाटा स्टील तथा टाइटन कंपनी लिमिटेड के वाइस-चेयरमैन हैं।

दरअसल रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा उनके पिता की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। नवल टाटा ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी सूनी टाटा से हुई थी जिनसे उनके दो बेटे रतन टाटा और जिम्मी टाटा हुए।

सूनी टाटा से तलाक के बाद साल 1955 में नवल टाटा ने स्विट्जरलैंड की सिमोन से दूसरी शादी की। सिमोन शादी से पहले ही एक कामयाब बिज़नेस वुमन थीं। नोएल टाटा, नवल और सिमोन के बेटे हैं।

नोएल टाटा की पत्नी आलू मिस्त्री टाटा संस में सबसे बड़े एकल शेयरधारक और साइरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री की बेटी हैं।

नोएल टाटा के तीन बच्चे हैं, जिनके नाम लीह टाटा, माया टाटा और नेवाइल टाटा हैं। इसमें उनकी पुत्री लीह टाटा भी टाटा ग्रुप की सदस्य है।

2006 में ताज होटल्स रिसॉर्ट्स एंड पैलेसेस में सहायक बिक्री प्रबंधक के रूप में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू करने वाली लीह स्पेन में प्रतिष्ठित आईई बिजनेस स्कूल में मार्केटिंग में अपनी मास्टर डिग्री पूरी कर चुकी हैं। वर्तमान में ताज होटल्स में विकास और विस्तार के प्रबंधक के रूप में कार्य करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *