अगले तीन दिन तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं- मौसम विभाग

लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भीषण लू की परिस्थितियां रहने वाली हैं। पश्चिमी इलाकों के कई जिलों में रातें सामान्य से काफी ज्यादा गर्म होंगी

बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है। आज सुबह का तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर तक इसके 42 डिग्री के पार जाने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज शहर में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। इस बीच 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों यानी 23 मई तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस बीच अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है। प्रदेश के 11 जिलों में मौसम विभाग ने आज के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही 14 अन्य जिलों में प्रचंड गर्मी की चेतावनी है।

बुंदेलखंड सहित दक्षिण के कई जिलों में बीते दिन मौसम ऐसा था मानो आसमान से आग बरस रही हो। बांदा दूसरे दिन भी 48.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सर्वाधिक गर्म शहर रहा। वहीँ झांसी, आगरा, प्रयागराज, उरई आदि जिलों में पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने पश्चिमी इलाकों में कई जिलों में रातें सामान्य से काफी ज्यादा गर्म होने की बात कही है। जिन जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है उनमें बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी व आसपास के क्षेत्र हैं।

जिन जिलों में है लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र हैं। मौसम विभाग ने इस मौसम में एहतियात बरतने के साथ बुजुर्गो, मरीजों व बच्चों को विशेष रूप से बचाव की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *