मशहूर समुद्री जहाज टाइटैनिक के मलबे की नई तस्वीरें सामने आई हैं

टाइटैनिक फिल्म में जहाज़ की जिस ‘फ्रंट रेलिंग’ पर रोज़ (केट विंसलेट) और जैक (लियोनार्डो डिकैप्रियो) खड़े थे, वह रेलिंग उखड़ गई है।

मशहूर समुद्री जहाज टाइटैनिक के मलबे की नई तस्वीरें सामने आई हैं

एक सदी से ज़्यादा समय से चर्चा में रहने वाले मशहूर जहाज टाइटैनिक के मलबे की नई तस्वीरें सामने आई हैं।

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि मूल जहाज की वह रेलिंग सतह अब उखड़ गई है। सौ साल से भी ज़्यादा पुराने इस डूब चुके टाइटैनिक का मलबा पानी की सतह से 3,800 मीटर नीचे पड़ा है। ख़बरों से मिली जानकारी के मुताबिक़, जहाज़ की रेलिंग का करीब 15 फीट लंबा टुकड़ा टूट गया है।


ब्रिटिश मीडिया ने रेलिंग टूटने की खबर उस कंपनी के हवाले से दी है, जिसे जहाज से कीमती सामान निकालने का ठेका मिला है।


बताते चलें कि टाइटैनिक अप्रैल 1912 में समुद्र के नीचे छिपे एक हिमखंड से टकराकर डूब गया था, इस हादसे में जहाज़ में सवार 1500 लोग मारे गए थे।

ये तस्वीरें पिछले दिनों पानी के नीचे रोबोट गोता लगाने की एक श्रृंखला के दौरान ली गई थीं। इसमें देखा जा सकता है कि एक सदी से ज्यादा समय तक समुद्र की गहराई में रहने के बाद जहाज का मलबा किस तरह बदल गया है, अब जहाज के कई हिस्से पहचान में भी नहीं आ रहे हैं।

जहाज पर मालिकाना अधिकार रखने वाली कंपनी आरएमएस टाइटैनिक इंक ने बताया है कि टाइटैनिक की खराब होती हालात का रोका नहीं जा सकता है। ऐसे में कम्पनी की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा चीजों का डॉक्युमेंटेशन किया जा सके।

इस पर बनी आइकॉनिक फिल्म ‘टाइटैनिक’ 19 दिसंबर 1997 को रिलीज हुई थी। अपनी अद्भुद मेकिंग की बदौलत 11 ऑस्कर अवॉर्ड जीतने वाली यह फिल्म उस समय दुनिया में बनी सबसे महंगी फिल्म थी। इस फिल्म के ज़रिए 1912 में टाइटैनिक की साउथैम्प्टन से पहली और आखिरी यात्रा दिखाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *