नेटफ्लिक्स और वॉर्नर ब्रदर्स स्टूडियो ने की हॉलीवुड की सबसे बड़ी डील

ग्लोबल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इस समय एक सबसे बड़ी डील चर्चा में है। हॉलीवुड के 100 साल पुराने स्टूडियो वॉर्नर ब्रदर्स को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने खरीदने की घोषणा कर दी है।

नेटफ्लिक्स और वॉर्नर ब्रदर्स स्टूडियो ने की हॉलीवुड की सबसे बड़ी डील

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने जिस बड़ी डील का ऐलान किया है उसके बारे में खबर है कि अब 42 करोड़ ग्लोबल सब्सक्राइबर्स एक ही स्ट्रीमिंग इकोसिस्टम में आ जाएंगे।

अंतर्राष्ट्री मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, गुरुवार को होने वाली इस डील में करीब 72 बिलियन डॉलर यानी करीब 6.47 लाख करोड़ रुपये के आस-पास बात बनी है।

कंटेंट की दुनिया में इस अधिग्रहण को महज़ एक कारोबारी समझौता नहीं, बल्कि शक्ति संतुलन बदलने वाला कदम माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में नेटफ्लिक्स अपनी कंटेंट लाइब्रेरी, प्रोडक्शन क्षमता और ग्लोबल रीच को जिस तरह विस्तारित करना चाहता है- वॉर्नर ब्रदर्स की ये खरीदारी उसमें गेम चेंजर साबित हो सकती है।

गौरतलब है कि वॉर्नर ब्रदर्स के पास ‘हैरी पॉटर’, ‘डीसी यूनिवर्स’, ‘बैटमैन’, ‘द बिग बैंग थ्योरी’, ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’, ‘द सोप्रानोस’ जैसी वर्ल्ड-फेमस फ्रेंचाइजियां हैं। सीईओ टेड सारंडोस ने नेटफ्लिक्स बोर्ड मीटिंग के बाद घोषणा करते हुए कहा कि यह अधिग्रहण उनकी कंपनी को एक लम्बी छलांग देगा। इन फिल्मों और सिरीज के नेटफ्लिक्स पर आने से प्लेटफॉर्म की कंटेंट लाइब्रेरी अब तक की सबसे बड़ी हो जाएगी।

यह भी बताते चलें कि 1923 में स्थापित वॉर्नर ब्रदर्स पिछले कुछ वर्षों से बदलावों और बड़े कॉम्पीटिशन का सामना कर रहा था। ऐसे में नेटफ्लिक्स का अधिग्रहण स्टूडियो के लिए एक मजबूत सहारा माना जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि डील के बाद नेटफ्लिक्स को एचबीओ और एचबीओ मैक्स की विशाल लाइब्रेरी भी मिल जाएगी। ऐसे में फ्रेंड्स, डीसी फिल्मों से लेकर एचबीओ शोज भी नेटफ्लिक्स के कंटेंट यूनिवर्स का हिस्सा होंगे। इस पर मनोरंजन की दुनिया के जानकारों का कहना है कि यह मर्जर आने वाले समय में छोटे स्टूडियोज पर भारी दबाव बढ़ाएगा जिससे स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री में कई बदलाव देखे जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *