नीरज चोपड़ा ने फेडरेशन कप में जीता स्वर्ण पदक

स्टार एथलीट और टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने आज एक और स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है।

नीरज चोपड़ा ने फेडरेशन कप में जीता स्वर्ण पदक

भुवनेश्वर में चल रहे फेडरेशन कप के भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में नीरज के अलावा किशोर जेना और डीपी मनु भी शामिल हुए।

नीरज ने 82.27 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो में जीत हासिल करते हुए गोल्ड पाया जबकि डीपी मनु 82.06 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर आने वाले उत्तम पाटिल ने 78.39 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पर कब्ज़ा जमाया।

बताते चलें कि नीरज और जेना पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं और यही कारण था कि दोनों सीधे फाइनल्स में खेलने उतरे। अन्य एथलीट्स को पेरिस ओलम्पिक में क्वालिफाई करने के लिए 85.50 मीटर का दायरा पार करना था।

नीरज चोपड़ा यहाँ सम्मिलित होने से पहले दोहा डायमंड लीग खेल रहे थे। दोहा डायमंड लीग में 26 वर्षीय नीरज ने 88.36 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस मुक़ाबले में नीरज चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच से दो सेंटीमीटर से मात खाए थे। जाकुब ने 88.38 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था।

नीरज का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। ऐसे में उनके इस प्रदर्शन को उम्मीद से कम माना जा रहा है। नीरज कई बार कह चुके हैं कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना अभी बाकी है साथ ही उन्होंने फेडरेशन कप में 90 मीटर के आंकड़े तक आने का प्रयास करने की बात कही थी।

फेडरेशन कप जेवलिन थ्रो के फाइनल में नीरज चोपड़ा के साथ शामिल अन्य खिलाड़ियों में किशोर जेना, डीपी मनु, प्रमोद, उत्तम बालासाहेब पाटिल, रोहित कुमार, शिवपाल सिंह, कुंवर अजयराज सिंह, मनजिंदर सिंह, बिबिन एंटोनी, विकास यादव और विवेक कुमार भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *