हाजीपुर से पारस लड़ेंगे, रामविलास जाएंगे राज्यसभा

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक के रूप में लोजपा को बिहार में जो छह सीटें मिली हैं, उनमें हाजीपुर से उसके राज्य अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस चुनाव लड़ेंगे। अब तक हाजीपुर से जीतते रहे पार्टी अध्यक्ष रामविलास पासवान को असम से राज्यसभा भेजा जाएगा।

एनडीए से समझौते के अनुसार, रामविलास पासवान राज्यसभा में जाएंगे तो हाजीपुर से बिहार अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस पार्टी उम्मीदवार होंगे। पहले इस सीट से पार्टी प्रमुख की पत्नी रीना पासवान के उम्मीदवार होने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी सूत्रों ने इस अटकल को खारिज कर दिया है।

 

बिहार में लोजपा की छह सीटों में चार-हाजीपुर, जमुई, समस्तीपुर, खगड़िया पुरानी होंगी। मुंगेर और वैशाली सीटों के बदले पार्टी को नवादा और एक दूसरी सीट मिलेगी। हालांकि, खगड़िया सीट पर अभी असमंजस कायम है। भाजपा यह सीट लोजपा को देने को तैयार है, लेकिन संभव है वहां से जीते लोजपा सांसद महमूद अली कैसर एनडीए से अलग हो जाएं। ऐसी स्थिति में लोजपा अपने पसंद की कोई दूसरी सीट लेगी।

लोजपा ने गत चुनाव में वैशाली, हाजीपुर, जमुई, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर और नालंदा सीट पर उम्मीदवार दिया था। नालंदा सीट से पार्टी चुनाव हार गई थी। शेष छह सीटों पर उसके उम्मीदवार जीते थे। वैशाली से जीते रमाकिशोर सिंह ने लोजपा से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी है।

जदयू के एनडीए में शामिल होने के बाद ही नालंदा और मुंगेर सीट छोड़ने पर लोजपा सहमत हो गई थी। तब पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान ने कहा था कि नालंदा सीट पर जदयू उम्मीदवार की जीत हुई थी। उसकी दावेदारी मजबूत है। मुंगेर सीट भी जदयू के लिए ही छोड़ने की बात हुई थी। वहां से जदयू नेता ललन सिंह को चुनाव मैदान में उतारेगा, लेकिन तब भी पार्टी ने कहा था कि इन सीटों के बदले दो दूसरी सीटें उसे चाहिए।

लोजपा की सीटें तय होने के साथ ही यह भी तय हो गया कि केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह को नई जगह तलाशनी होगी। सूत्रों की मानें तो गिरिराज सिंह की सीट नवादा लोजपा के खाते में चली गई है। ऐसे में उन्हें बेगूसराय से भाजपा चुनाव लड़ा सकती है। सिंह गत चुनाव में भी बेगूसराय से ही चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन पार्टी ने वहां से भोला सिंह को उम्मीदवार बनाया था और उन्हें नवादा सीट मिली थी। हालांकि पार्टी में उन्हें मुजफ्फरपुर से भी लड़ाने की चर्चा कई बार हुई है, लेकिन यह चर्चा कुछ दिनों में ही दम तोड़ गई। लिहाजा अगर पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है तो बेगूसराय ही उनकी पसंद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *