देश में पुलिस के पांच लाख से ज़्यादा पद खाली पड़े हैं- संसदीय समिति

नयी दिल्ली : संसद की एक समिति नेजानकारी दी है कि राज्य पुलिस बलों में 5.30 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों के पद खाली पड़े हैं और इस तरह कुल स्वीकृत संख्या की तुलना में बल में 21 प्रतिशत की कमी है।

देश में पुलिस के पांच लाख से ज़्यादा पद खाली पड़े हैं- संसदीय समिति

गृह मंत्रालय संबंधी संसदीय स्थायी समितिद्वारा संसद में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार राज्य पुलिस बलों में 26,23,225 पदों की स्वीकृत संख्या की तुलना में एक जनवरी, 2020 की स्थिति के अनुसार पुलिस बल में 5,31,737 पद खाली हैं। आंकड़ों के इस आधार पर पुलिस बल में करीब 21 प्रतिशत पद खाली हैं।

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य आनंद शर्मा की अध्यक्षता वाली समिति की रिपोर्ट के मुताबिक़ इन खाली पदों में अधिकतर कांस्टेबल स्तर के हैं। इसमें कहा गया है- ‘‘देश में अपराध और सुरक्षा के परिदृश्य को देखते हुए यह अपेक्षित आंकड़े नहीं हैं। समिति की राय है कि कर्मियों की संख्या में कमी से पुलिस की क्षमता पर सीधा असर पड़ता है।’’

समिति के मुताबिक़ इससे मौजूदा कर्मियों पर काम का अतिरिक्त बोझ भी पड़ता है और उन्हें अतिरिक्त समय तक काम करना होता है। यहाँ हैरान करने वाली बात यह है कि समिति ने पुलिस महानिदेशकों, विशेष महानिदेशकों और अतिरिक्त डीजीपी समेत पुलिस के शीर्ष स्तर के अधिकारियों की संख्या अधिक बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *