मुरादाबाद – जुलुस निकलते वक़्त बिजली नहीं काटने की वजह से हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया था ताजिया

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कर्बला ले जाया जा रहा ताजिया अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. ताजिये में करेंट उतरने से 32 से ज्यादा लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है.

इस दौरान जोरदार धमाका होने के बाद ताजिये में आग लग गयी और ताजिया लेकर जा रहे लोग एक झटके में जमीन पर गिर पड़े. जलते ताजिये के नीचे दबकर कई तजियादार झुलस गए और आस-पास खड़े बच्चों और महिलाओं में भगदड़ मच गई. धमाका इतना तेज था की कुछ देर के लिए किसी को कुछ भी समझ नहीं आया.

ताजिये में करेंट उतरने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए. हादसे में कुल 32 लोग घायल हुए हैं. जिला अस्पताल में घायलों की स्थिति जानने के लिए डीएम, एसएसपी सहित तमाम पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे. डीएम राकेश कुमार के मुताबिक ताजिया ले जाते समय कुछ युवक ताजिये पर चढ़कर हाईटेंशन तार को ऊपर करने की कोशिश कर रहें थे. उसी वक्त यह हादसा हुआ. फिलहाल घायलों को इलाज देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है.

चश्मदीदों का कहना है की ताजिये का जुलुस निकलते समय बिजली नहीं काटी गयी जिसके कारण ये हादसा हुआ. जिला अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे मुरादाबाद देहात सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने कहा की हमने डीएम से जांच कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *