मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है

देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी के साथ लू की चपेट में हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए कुछ राज्यों ने स्कूल बंद कर दिए हैं जबकि कई जगह स्कूल के समय में बदलाव किया गया है।

मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस समय प्रयागराज देश का पांचवा सबसे गर्म शहर हैं जहाँ सोमवार को अधिकतम तापमान 44.2°C रिकॉर्ड हुआ।

उत्तर प्रदेश में इस समय दिन और रात दोनों ही गर्म होने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक़ पहली बार अयोध्या का तापमान भी 43°C दर्ज किया गया जो औसत से 4 डिग्री अधिक रहा।

मौसम को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने अगले दो से तीन दिनों के लिए उत्तर भारत के मैदानी इलाक़ों के अलावा, बिहार, पश्चिम बंगाल,आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम कार्यालय के बुलेटिन के मुताबिक़ अगले पांच दिनों में असम और त्रिपुरा सहित गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी, गोवा, केरल और कर्नाटक में उच्च आर्द्रता की आशंका है।

अपने ताज़ा मौसम बुलेटिन में मौसम विभाग ने पूर्वी भारत में बुधवार तक “अत्यधिक गर्म स्थिति” होने की बात कही है वहीँ दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने के भी संकेत विभाग द्वारा दिए गए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि जिन क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहां हीटस्ट्रोक और गर्मी से होने वाली अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में विभाग ने लोगों से “अत्यधिक सावधानी” बरतने को कहा है।

विभाग के मुताबिक़ इस मौसम में बरती गई लापरवाही जानलेवा हो सकती है। साथ ही विभाग ने दिन के समय घर से बाहर निकलने पर एहतियात बरतने की भी बात कही है।

विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाक़ों के साथ आंध्र का तापमान अनुमान से अधिक बढ़ गया। झारखंड के जमशेदपुर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *