‘बापू’ के किरदार में पहली बार नज़र आएंगे मनोज बाजपेयी

फिल्म देश की आजादी के दौरान गांधी जी की जिंदगी के एक अनदेखे 21 दिनों के अध्याय को दिखाएगी। इस फिल्म में तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके अभिनेता मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में होंगे और पहली बार पर्दे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आइकॉनिक किरदार निभाएंगे।


अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा इतिहास के उस हिस्से को सामने लाने का प्रयास कर रहे है जो आजादी का अनसुना पन्ना है। खबर है कि अनुभव सिन्हा के साथ सुधीर मिश्रा की आने वाली यह फिल्म देश की आजादी के दौरान गांधी जी की जिंदगी के एक अनदेखे 21 दिनों के अध्याय को दिखाएगी।

निर्माता अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा ने मनोज बाजपेयी के साथ मिलकर जो टीम बनाई है उसमे दिग्गज अभिनेता सौरभ शुक्ला भी एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जुड़े कम चर्चित और एक बेहद संवेदनशील अध्याय को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए यह टीम एकजुट हो चुकी है। बताया जा रहा है कि यह कहानी भारत की आजादी के दौर की वास्तविक घटनाओं और महात्मा गांधी के जीवन के उन ऐतिहासिक 21 दिनों पर केंद्रित है, जिनका जिक्र इतिहास के पन्नों में बहुत कम मिलता है।

प्रोजेक्ट पर रौशनी डालते हुए निर्देशक सुधीर मिश्रा का कहना है कि जिस समय पूरा देश स्वतंत्रता की ओर बढ़ रहा था और दिल्ली सत्ता का मुख्य केंद्र बन रही थी, तब बापू ने एक ऐसा अप्रत्याशित कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने उस समय सत्ता के गलियारों से दूर जाने का फैसला किया।

सुधीर मिश्रा के अनुसार, गांधी जी का यह कदम पीछे हटना नहीं, बल्कि खुद को एक नए रूप में ढालने की एक गहरी मानवीय प्रक्रिया थी। इतिहास की किताबों में उस दौर की केवल मुख्य घटनाओं का विवरण है, लेकिन यह प्रोजेक्ट उस ऐतिहासिक फैसले के पीछे की वजहों, उनके निजी विचारों और मानसिक मंथन को गहराई से सामने लाएगा।

यही कारण है कि अनुभव और सुधीर ने इस रोल के लिए दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी का चयन किया गया है। अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए खास पहचान बना चुके मनोज बाजपेयी के लिए यह भूमिका बेहद खास मानी जा रही है।

‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘धारावी’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर सुधीर मिश्रा इस फिल्म के निर्देशन की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस प्रोजेक्ट में सुधीर मिश्रा के साथ नरेंद्र हिरावत मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसे एनएच स्टूडियोज द्वारा पेश किया जाएगा। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्में बनाने वाले अनुभव सिन्हा इसे अपने बैनर ‘बनारस मीडिया वर्क्स’ के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *