लड़की संग होटल से हिरासत में लिए गए मेजर गोगोई, मामला दर्ज

जम्मू: सेना के चर्चित अधिकारी मेजर लीतुल गोगोई पिछले साल से चर्चा का विषय बने हुए हैं। ऐसे में उनके एक और मामले ने तूल पकड़ लिया है। दरअसल, बुधवार को जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने मेजर गोगोई को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, श्रीनगर के एक होटल से मेजर गोगोई को एक लड़की के साथ हिरासत में लिया गया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कश्मीर के आईजी ने जांच के आदेश दिए हैं, जिसके बाद श्रीनगर (नॉर्थ जोन) के एसपी मामले की जांच में जुट गए हैं। बता दें, मेजर गोगोई एक कश्मीरी, फारूक अहमद दार को अपनी जीप के बोनट पर बांधकर बडगाम में घुमाने के मामले को लेकर चर्चा में आये थे।

 

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीनगर के डलगेट इलाके में स्थित द ग्रैंड ममता होटल में मेजर गोगोई एक लड़की के साथ पहुंचे थे। इन दोनों के साथ एक लड़का भी था। ऐसे में जब होटल स्टाफ ने तीनों को अंदर जाने नहीं दिया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। विवाद बढ़ता देख आस-पास के लोग यहां एकत्रित हो गए।

बाद में मामला बढ़ता देख होटल स्टाफ ने पुलिस को फोन कर दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब वो तीनों को अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि जिस लड़की को मेजर गोगोई को अपने साथ लाए थे, वो नाबालिग है। मगर इस मामले में पुलिस का कुछ और ही कहना है। पुलिस के मुताबिक, होटल ग्रैंड ममता से श्रीनगर के खानयार पुलिस स्टेशन को सुबह 11 बजे एक फोन आया था।

पुलिस को फोन करके बताया गया कि यहां विवाद हो गया है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम होटल के लिए रवाना हो गई। यहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि बडगाम का एक लड़का एक लड़की के साथ होटल में एक आर्मी अफसर से मिलने आया था, जिसपर होटल स्टाफ ने उन्हें आर्मी ऑफिसर के रूम में जाने से रोका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *