महिंद्रा एंड महिंद्रा 7500 रुपये में बनाएगी वेंटिलेटर, अभी 10 लाख रुपये तक है कीमत

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि वह महज 7,500 रुपये में वेंटिलेटर पेश कर सकती है, जिसकी अभी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की जान बचाने के लिए यह बहुत अहम है।

कंपनी ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि वह ऑटोमेटेड वॉल्व मास्क वेंटिलेटर, जिसे आमतौर पर अंबु बैग भी कहा जाता है, का प्रोटोटाइप को तीन दिन में अप्रूवल के लिए पेश कर सकती है।

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने एक ट्वीट में कहा, ‘हम देशी आईसीयू वेटिंलेटर पर भी काम कर रहे हैं। इन मशीनों की कीमत 5 से 10 लाख रुपये तक है। यह उपकरण जीवनरक्षक है और टीम का अनुमान है कि इसकी कीमत 7,500 रुपये से कम होगी।’

इससे पहले एमऐंडएम के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन गोयनका ने कहा कि कंपनी दो बड़े पीएसयू और एक मौजूदा वेटिंलेटर निर्माता कंपनी के साथ काम कर रही है ताकि बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन किया जा सके। उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक तरफ हम दो बड़े पीएसयू और एक मौजूदा वेंटिलेटर यूनिट के साथ काम कर रहे हैं ताकि डिजाइन को आसान बनाया जा सके और बड़े पैमाने पर उत्पादन हो। हमारे इंजीनियर्स उनके साथ काम में जुटे हैं।’

आनंद महिंद्रा ने एक ट्वीट में कहा, ‘हम बैग वॉल्व मास्क वेंटिलेटर (आमतौर पर अंबु बैग कहा जाने वाला) के ऑटोमेटेड वर्जन पर काम कर रहे हैं। हम आशा करते हैं कि 3 दिन में यह अप्रूवल के लिए तैयार हो जाएगा। एक बार इस पर मुहर लग जाए तो यह मैन्युफैक्चरिंग के लिए सभी को उपलब्ध कराया जाएगा।’ गोयनका ने कहा कि महिंद्रा ग्रुप तुरंत इस पर काम शुरू करेगा कि इसके मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में किस तरह वेंटिलेटर्स का निर्माण हो सके।
Courtesy: hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *