महाराष्ट्र में महायुति को को बंपर बहुमत जबकि झारखंड में इंडिया गठबंधन का जलवा

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव सभी नतीजे आ गए हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जनता ने एक बार फिर राज्य की सत्ता महायुति की सरकार के हवाले की है। भाजपा ने यहाँ 132 सीटों पर जीत हासिल की है। झारखंड के नतीजों में इंडिया ब्लॉक ने बाज़ी मारी है। 

महाराष्ट्र में महायुति को को बंपर बहुमत जबकि झारखंड में इंडिया गठबंधन का जलवा

महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना को 57 सीट और अजित पवार की एनसीपी को 41 सीट मिली है। राज्य में महा विकास अघाड़ी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। इस दल में शिवसेना (यूबीटी) को सबसे अधिक 20 सीटें, कांग्रेस को 16, एनसीपी (एसपी) को 10 और समाजवादी पार्टी को 2 सीटें मिली हैं।

इसके विपरीत झारखंड के नतीजों में इंडिया ब्लॉक ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को पछाड़ दिया है। चुनाव नतीजों के मुताबिक, झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में जेएमएम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इंडिया गठबंधन ने राज्य में 22 साल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सत्ता में वापसी की है।

झारखंड में कुल मिला कर इंडिया गठबंधन को 56 और एनडीए को 23 सीटें मिली हैं। इनमें जेएमएम को 34, कांग्रेस को 16, राजद को 4, सीपीआई (एमएल) (एल) को 2 सीटें मिलीं है। एनडीए में भाजपा को 21, आजसू और लोजपा को एक-एक सीट मिली है।

महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भाजपा शामिल हैं। मुख्यमत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर जनता का आभार जताया है। महाराष्ट्र में एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि लोगों ने महायुति को स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने अजित पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुने जाने की बात कही और यह भी कहा कि 1-2 दिनों के भीतर हम (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) एक बैठक करेंगे और यह स्पष्ट हो जाएगा कि महायुति का नेतृत्व कौन करेगा।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि झारखंड के लोगों का इंडिया को विशाल जनादेश देने के लिए दिल से धन्यवाद। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, कांग्रेस और झामुमो के सभी कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। प्रदेश में गठबंधन की यह जीत संविधान के साथ जल-जंगल-जमीन की रक्षा की जीत है।

राहुल गाँधी ने महाराष्ट्र के नतीजों को अप्रत्याशित बताया और कहा की हम विस्तार से इसका विश्लेषण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *