महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार का आज गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए बारामती में आम लोगों और कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख नेता अजित पवार का बीते दिन एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। डीजीसीए द्वारा पुष्टि में बताया गया कि इस हादसे में विमान में सवार अजित पवार समेत सभी पांच यात्रियों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, बुधवार को हादसे से पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के बीच एक जनसभा में शामिल होने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान नियंत्रण से बाहर हो गया, जिसके बाद वह ज़मीन से टकरा गया और उसमें भीषण आग लग गई। विमान में अजित पवार के अलावा दो क्रू मेंबर सहित कुल पांच लोग सवार थे।
22 जुलाई 1959 को महाराष्ट्र के देओलाली प्रवरा (अहमदनगर) में जन्मे अजित अनंतराव पवार भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। पवार छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे और अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने वित्त, सिंचाई, योजना और प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व किया। उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिना जाता था। वे बारामती से आठ बार विधायक चुने गए और क्षेत्रीय विकास तथा प्रशासनिक पकड़ के लिए पहचाने जाते थे।
उन्होंने साल 2023 में शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी से अलग होकर अपनी राजनीतिक धारा बनाई और भाजपा-नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। पवार न केवल एनसीपी के प्रमुख नेता थे, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ के रूप में पहचाने गए।
अजित पवार का पार्थिव शरीर पहले विद्या प्रतिष्ठान और फिर उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा विद्या प्रतिष्ठान परिसर से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचेगी। बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में सुबह 11 बजे पंचतत्व में विलीन हो जाएगा। अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र सहित पूरे देश की राजनीति में में दुःख का माहौल है।
उप मुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार महाराष्ट्र सामान्य प्रशासन विभाग (प्रोटोकॉल) के अनुसार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। तीन दिन के शोक की अवधि के दौरान महाराष्ट्र की सभी इमारतों पर जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, उसे आधा झुका दिया गया है। इस अवधि में कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।













