CAA पर MP में भाजपा को बड़ा झटका, 80 मुस्लिम नेताओं ने छोड़ी पार्टी

इंदौर। संशोधित नागरिकता कानून (CAA) को धार्मिक आधार पर बनाया गया विभाजनकारी प्रावधान बताते हुए यहां भारतीय जनता पार्टी के करीब 80 मुस्लिम नेताओं ने पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता छोड़ने की घोषणा की है।

File Photo

इन भाजपा नेताओं में शामिल राजिक कुरैशी फर्शीवाला ने शुक्रवार को बताया कि करीब 80 मुस्लिम नेताओं ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को गुरुवार को पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है। इनमें भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे के कई पदाधिकारी शामिल हैं।

कुरैशी ने कहा, ‘सीएए के वजूद में आने के बाद हमारा अपने समुदाय के आयोजनों में शामिल होना दूभर होता जा रहा था। इन आयोजनों में लोग हमें यह कहकर कोसते थे कि हम सीएए जैसे विभाजनकारी कानून पर कब तक चुप रहेंगे?’
उन्होंने कहा, ‘किसी भी समुदाय के वास्तविक तौर पर पीड़ित शरणार्थी को भारतीय नागरिकता मिलनी चाहिये। आप महज धर्म के आधार पर तय नहीं कर सकते कि फलां व्यक्ति घुसपैठिया या आतंकवादी है।’

सीएए के खिलाफ भाजपा छोड़ने वाले मुस्लिम नेताओं के पत्र में कहा गया, ‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 के अंतर्गत किसी भी भारतीय नागरिक को समानता का अधिकार प्राप्त है। किंतु भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार के सीएए को धार्मिक आधार पर लागू कर देश को बांटने का कार्य किया गया है जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *