आज लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए मतदान होना है। इस चरण में 695 उम्मीदवार मुक़ाबले के लिए मैदान में हैं।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान शुरू हो चुका है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है। हालांकि, चुनाव आयोग ने यह भी कहा है कि मतदान बंद होने का समय संसदीय क्षेत्र के अनुसार अलग हो सकता है।
लखनऊ से राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में
उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में हैं। उनका मुक़ाबला समाजवादी पार्टी के रविदास मेहरोत्रा से है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके मेहरोत्रा इस समय लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं।
बहुजन समाजवादी पार्टी ने सरवर मलिक को अपना प्रत्याशी बनाया है। गौरतलब है कि 2019 लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा से राजनाथ सिंह जीते थे उस समय लखनऊ सीट पर 54.78% मतदान दर्ज किया गया था।
पांचवे चरण में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा की पांच, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, जम्मू कश्मीर की एक, लद्दाख की एक सीट पर वोटिंग जारी है।
आज के मतदान के चर्चित चेहरों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फैसला होना है।
| प्रदेश | सीट | उम्मीदवार |
| महाराष्ट्र | 13 | 264 |
| उत्तर प्रदेश | 14 | 144 |
| पश्चिम बंगाल | 7 | 88 |
| बिहार | 5 | 80 |
| झारखंड | 3 | 54 |
| ओडिशा | 5 | 40 |
| जम्मू-कश्मीर | 1 | 22 |
| लद्दाख | 1 | 3 |
| कुल | 49 | 695 |
85 वर्ष से अधिक आयु वाले तथा दिव्यांग मतदाता घर से मतदान कर सकेंगे। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर पानी, शेड, शौचालय, रैंप, स्वयंसेवक, व्हीलचेयर और बिजली जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराइ गई हैं। प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है जिसके चलते सुबह और शाम में अधिक मतदान होने की संभावना है।
