दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने कुमारस्वामी

बेंगलुरू। जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन का नेतृत्व कर रहे एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले वह फरवरी 2006 में पहली बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे। तब उनकी पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश पार्टी अध्यक्ष जी परमेश्वर ने भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष ने आगामी लोकसभा चुनावा को देखते हुए अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इसमें विपक्ष के कई दिग्गज नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

 

समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष एवं उनकी मां सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा के अखिलेश यादव और सीताराम येचूरी शरीक हुए।

 

कुमारस्वामी एक हफ्ते के अंदर कर्नाटक में शपथ लेने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बने। इससे पहले भाजपा के प्रदेश प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने 19 मई को शक्ति परीक्षण का सामना किए बगैर इस्तीफा दे दिया था।

कर्नाटक में कांगे्रस के प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के रमेश कुमार अगले विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) होंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 22 और जद (एस) से 12 मंत्री होंगे। बृहस्पतिवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण के बाद वे शपथ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *