बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने बच्चे के जन्म के बाद अपनी पहली फिल्म साइन की है। वह सिद्धार्थ पी मल्होत्रा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘कमाल और मीना’ में दिग्गज अभिनेत्री और ट्रेजेडी क्वीन मीना कुमारी का किरदार निभाएंगी।

बॉलीवुड की ख़बरों के अनुसार, इस फिल्म की शूटिंग 2026 में शुरू होगी, जो बॉलीवुड की ट्रेजेडी क्वीन मीना कुमारी की बायोपिक है। सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने पिछले साल इस फिल्म के निर्माण की घोषणा की थी। तब से ही फिल्म प्रेमी यह जानने के लिए उत्सुक थे कि इस फिल्म में मीना कुमारी का किरदार कौन सी अभिनेत्री निभाएगी।
पिछले कुछ महीनों से इस भूमिका के लिए कियारा आडवाणी और कृति सेनन के नामों पर विचार चल रहा था और आखिरकार कियारा का नाम इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए सामने आया।
इस साल जुलाई में अपने पहले बच्चे के जन्म के बाद कियारा का यह पहला फिल्म प्रोजेक्ट है, जिसकी शूटिंग अगले साल शुरू होगी। कियारा आडवाणी को फिल्म ‘कमाल और मीना’ में मीना कुमारी के किरदार की तैयारी के लिए काफी समय मिलेगा, क्योंकि उन्हें अपना उर्दू उच्चारण सुधारने के लिए बुनियादी बातें सीखनी होंगी। फिलहाल फिल्म के लिए कियारा के अपोजिट मुख्य अभिनेता की तलाश चल रही है।
सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने पिछले साल सितंबर में फिल्म ‘कमाल और मीना’ का टीज़र शेयर किया था और बताया था कि फिल्म की कास्टिंग अभी चल रही है। उन्होंने कैप्शन में लिखा था कि कमाल साहब और मीना जी द्वारा एक-दूसरे को लिखे गए 500 से ज़्यादा हस्तलिखित पत्रों और दोनों की निजी डायरियों की बदौलत हमें यह कहानी कहने का एक अनमोल मौका मिला है। इस अविश्वसनीय सच्ची कहानी का निर्देशक बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है।
हालाँकि इससे जुड़ी कोई भी आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है मगर इस खबर का ज़ोरदार चर्चा है, जिस पर ज़्यादातर फैंस उत्साहित नज़र आ रहे हैं। ऑफिशियल खबर के बाद ही फिल्म की कास्ट से जुड़ी जानकारी साफ हो जाएगी।
अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने इसी साल जुलाई में एक बेटी को जन्म दिया। उन्हें आखिरी बार ऋतिक रोशन के साथ फिल्म ‘वॉर 2’ में देखा गया था। अब वह यश, नयनतारा और अन्य कलाकारों के साथ फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नज़र आएंगी। यह एक आगामी भारतीय पीरियड गैंगस्टर फिल्म है, जिसे गीतू मोहनदास और यश ने लिखा है। इस फिल्म में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय, टोविनो थॉमस और सुदेव नायर जैसे कलाकार हैं।















