केरल की कैजिया लिज मैजो ने गुलाबी शहर की शाम को और भी हसीं बना दिया। कैजिया ने जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीत लिया है वह प्यूर्टो रिको में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर अप रहीं।
जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के शानदार फिनाले में 19 वर्षीय केरल की कैजिया लिज मैजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मणिका विश्वकर्मा ने केरल की कैजिया लिज मैजो को ताज पहनाया।
राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली 52 सुंदरियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कैजिया की समझ और हाज़िरजवाबी से प्रभावित सभी जजों ने उन्हें इस ताज का हक़दार बनाया।
ग्रैंड फिनाले में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की विजेता का नतीजा देर रात करीब 2:50 बजे सामने आया। इस मुकाबले में केरल और तमिलनाडु की प्रतिभागी शीर्ष दो स्थानों तक पहुंचीं, लेकिन आखिर में केरल की कैजिया ने ताज अपने नाम किया।
इस फिनाले में जिन टॉप-5 सुंदरियों ने अपनी जगह बनाई उनमे केरल की कैजिया लिज मैजो के बाद तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ के नाम हैं।
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में इन पांचों सुंदरियों को 40 सेकेंड में क्लोजिंग रिमार्क पेश करने का टास्क दिया गया। सभी ने अपने नजरिए और जीवन संघर्ष के साथ इस सफर पर अपनी बात रखी। केरल की कैजिया लिज मैजो ने का जवाब उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब दिलाने वाला बना।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के जज पैनल में पूर्व सुंदरी सुष्मिता सेन, सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला शामिल रहीं। फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी निर्णायक मंडल का हिस्सा थीं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के आयोजन में देश-दुनिया से जुड़े करीब 800 फैशन डिजाइनर और डेलीगेट्स शामिल हुए।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की विजेता कैजिया लिज मैजो अब इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के नतीजे
विजेता: कैजिया लिज मैजो – केरल
फर्स्ट रनर अप: वैष्णवी गणेश – तमिलनाडु
सेकंड रनर अप: अनुश्री सतवालेकर – गुजरात
थर्ड रनर अप: तेजस्विनी श्रीवास्तव – महाराष्ट्र
फोर्थ रनर अप: अनुभा वशिष्ठ – उत्तराखंड