उत्तर प्रदेश को मुफ्त बिजली पानी और स्वास्थ सुविधा देंगे केजरीवाल

नयी दिल्ली15 दिसम्बर : 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

श्री केजरीवाल ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति और अन्य समस्याओं पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा यदि दिल्ली में सुविधाएं तैयार की जा सकती हैं तो उत्तर प्रदेश में ऐसा क्यों नहीं हो सकता है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा राज्य ने अभी तक गंदी राजनीति देखी है, ऐसे में अब उसे नया मौका मिलना चाहिए ।

मुख्यमंत्री ने सवाल किया जब दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी मिल सकता है तो देश के सबसे बड़े राज्य में अच्छी सुविधाएं क्यों नहीं हो सकती हैं। और वहां मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी क्यों नहीं मिल सकता है।

श्री केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। उन्होंने उनसे अपील की है कि उत्तर प्रदेश में भी दिल्ली जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए और इसके लिये राज्य की जनता को आप पार्टी के साथ जुड़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा उनकी पार्टी ने लगातार तीसरी बार दिल्ली में सरकार बनाई है और काम करके दिखाया है। राजधानी के लोगों को मुफ्त बिजली, पानी मिल रहा है, मोहल्ला क्लीनिक से इलाज मिल रहा है तो ऐसा गोरखपुर, लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में क्यों नहीं हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *