कश्मीर: शोपियां में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकी हमला, 2 जवान शहीद; कुलगाम में ढेर किए 2 आतंकी

श्रीनगर,दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के एक तलाशी दल पर गोलीबारी करने से एक मेजर सहित दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए और एक अन्य जवान घायल हो गया। वहीं, कुलगाम जिले में आतंकी हमले में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया।


पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना ने शोपियां जिले के जायपोरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद रात को इलाके की घेराबंदी कर एक खोज अभियान शुरू किया था।

उन्होंने बताया कि खोज अभियान के दौरान आतंकवादियों ने दल पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें तीन सैन्यकर्मी घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घायलों को सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां एक मेजर सहित दो की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल जवान का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि जायपोरा में खोज अभियान जारी है।

इससे पहले जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सेना ने मंगलवार को लश्कर के टॉप कमांडर अबु दुजाना और एक अन्य आतंकी को एनकाउंटर में मार गिराया था। दुजाना के एनकाउंटर के बाद जम्मू कश्मीर के आईजी मुनीर खान ने बताया कि दुजाना एक अय्याश था और सेना पर हमले के मामले में उसे A++ कैटेगरी की सूची में रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *