कपिल देव ने पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और प्रधानमंत्री रहे इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने की अपील की। गौरतलब है कि इमरान लंबे अरसे से पाकिस्तान की जेल में बंद है और इसका उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
कपिल देव ने जेल में बंद अपने पुराने दोस्त इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने और उन्हें जरूरी सुविधाएं देने की मांग की है। कपिल की ओर से यह मांग उस समय की गई है जब रविवार को कपिल देव सहित 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के एक समूह ने इमरान खान के साथ जेल में हो रहे गलत बर्ताव को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज से जरूरी सुविधाएं देने की अपील की।
इमरान खान का समर्थन करते हुए, पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल ने ‘डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ के लॉन्च के अवसर पर कहा, ‘हम उस देश का कानून नहीं जानते हैं, यह अपनी जगह है। लेकिन हर कैदी के साथ विनम्रता और मानवीय व्यवहार होना चाहिए तथा उसे बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।’ आगे उन्होंने कहा कि इमरान उस देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के शीर्ष क्रिकेटरों में से एक रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते छह माह में इमरान खान के समर्थन वाली इस तरह की दूसरी सामूहिक अपील की गई है। इससे पहले भी 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान की सेहत को लेकर चिंता जताते उनके उचित इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की थी। फरवरी में की जाने वाली इस अपील के लिए भी एक चिट्ठी लिखी गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इमरान खान का परिवार पहले भी आरोप लगा चुका है कि उनकी आंखों की रोशनी बहुत कम हो गई है। परिवार का दावा था कि कथित मेडिकल लापरवाही की वजह से उनकी एक आंख की रोशनी लगभग चली गई है।
वहीँ कपिल देव ने अपने पत्र के माध्यम से मांग की है कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ इलाज मिले। आगे वह कहते हैं कि हम किसी और चीज की मांग नहीं कर रहे हैं और न ही किसी जवाब की अपेक्षा है। हम सिर्फ अनुरोध कर रहे हैं।
बताते चलें कि इमरान खान साल 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे हैं। इस पद से हटाए जाने के बाद उन्हें भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में दोषी ठहराते हुए जेल में डाल दिया गया था। वहीँ इमरान के समर्थन में लिखे गए पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सुनील गावस्कर सहित ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, डेविड गॉवर, क्लाइव लॉयड, अर्जुन रणतुंगा, स्टीव वॉ और जॉन राइट जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।