‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के लिए जेपीसी गठित

‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के लिए 31 सांसदों की जेपीसी का गठन किया गया है जिसमे कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर भी शामिल हैं।

'वन नेशन-वन इलेक्शन' के लिए जेपीसी गठित

‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के लिए संयुक्त संसदीय समिति यानी जेपीसी का गठन किया गया है इसमें लोकसभा से 21 सदस्य जबकि राज्यसभा से 10 सदस्य शामिल हैं।

बताते चलें कि लोकसभा में मंगलवार को यह विधेयक पेश किया गया। इसमें देश में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने का प्रस्ताव हुआ। विपक्षी दलों ने इस इस प्रस्ताव पर कड़ा प्रतिरोध दर्ज कराया।

एक राष्ट्र, एक चुनाव विधेयक संविधान और संबंधित कानूनों में ऐसा संशोधन है जिससे देश भर में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के लिए एक साथ चुनाव कराए जा सकें।

विपक्ष ने चिंता जताते हुए इससे सत्तारूढ़ पार्टी को अनुपातहीन रूप से लाभान्वित करने वाला बताया। विपक्ष के मुताबिक़ ऐसा होने पर राज्यों में चुनावी प्रक्रिया पर अनुचित प्रभाव होगा और क्षेत्रीय दलों की स्वायत्तता कमजोर हो सकती है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह कैबिनेट ने इस विधेयक को मंजूरी दी थी। देश में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने का मार्ग प्रशस्त करने के लिए विधेयकों को अब आगे के विचार-विमर्श के लिए जेपीसी के पास भेजा जाएगा।

एक राष्ट्र, एक चुनाव विधेयक की अवधारणा पर सरकार एक लंबे समय से प्रस्ताव पेश कर रही है। इसका उद्देश्य चुनाव संबंधी खर्चों को कम करना और कुशल शासन सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *