टी-20 सीरीज से बाहर हुए जडेजा, शार्दुल ठाकुर टीम में शामिल

कैनबरा : लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा को सिर में चोट लगने के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज से बाहर होना पड़ा। जडेजा के स्थान पर भारतीय टीम में तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया है।

शुक्रवार को पहले मैच में जडेजा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की बाउंसर हेलमेट पर लगी। पारी के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट भी आ गयी थी। इसके बावजूद जडेजा ने मात्र 23 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाये और भारत को 161 के स्कोर तक पहुँचाने में कामयाबी पाई।

जडेजा की जगह भारत ने कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को लिया। चहल ने 25 रन पर तीन विकेट लिए और भारत ने यह मैच 11 रन से जीता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार रात को जारी एक बयान में बताया कि बोर्ड की मेडिकल टीम ने पारी ब्रेक के दौरान ड्रेसिंग रूम में जडेजा की जांच की। जडेजा को निगरानी में रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर उनका स्कैन कराया जाएगा। वह अब टी-20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

शार्दुल ठाकुर ने टी-20 में शामिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किये और भारत को 13 रन से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *