लखनऊ को बाढ़ से उबरने में अभी वक़्त लगेगा

लखनऊ में गोमती नदी के बढ़े जलस्तर से आसपास के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। पानी के इस फैलाव को देखते हुए रिवरफ्रंट को भी बंद कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा ले रहे हैं। सरकार ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

लखनऊ में गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से करीब तीन लाख लोग प्रभावित हुए हैं। फैजुल्लागंज कई इलाकों में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। अंतिम संस्कार किए जाने वाला बैकुंठ धाम भी पानी में डूबा है। इकाना स्टेडियम परिसर तक भी पानी पहुंच चुका है। इस बीच क्रिकेट स्टेडियम के भीतर पानी भरने से क्रिकेट प्रैक्टिस और मैच स्थगित कर दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, गोमती नदी का जलस्तर 106.8 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि लखनऊ (हनुमान सेतु) पर निर्धारित खतरे का निशान 109.5 मीटर है। ख़बरों के अनुसार, लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर अभी और बढ़ेगा। इसके दो फीट तक बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने दी सलाह दी। इस बीच दस हज़ार से ज़्यादा लोगों के जगह छोड़ने की खबर मिली है। अभी भी कई इलाकों में डेढ़ फीट तक रोड पानी में डूबे हुए हैं।

जलमग्न इलाक़ों की बात करें तो फैजुल्लागंज में मामा कॉलोनी, दाऊद नगर, मेहंदी घाट, गुलाला घाट,हयात नगर डूबा हुआ है। इन इलाक़ों में एक दर्जन विद्युत ट्रांसफार्मर की बिजली बंद की गई है। नया बना प्रेरणा स्थल भी जलमग्न है। घैला,अल्लू नगर डुगरिया में बाढ़ का पानी दाखिल हो चुका है। मिल्लत नगर सहित कई इलाक़ों में लोग चार दिनों से घरों में कैद हैं और मोल्ल भूत सुविधाओं से वंचित हैं। ख़बरों के मुताबिक़, इस बीच करीब चालीस हज़ार से ज़्यादा घरों में पानी भर गया है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में चोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। जो लोग मकान छोड़ कर निकल गए हैं उनके बंद मकानों में रात में चोरी की घटना की ख़बरें भी मीडिया के ज़रिए मिली हैं। इस बीच खबर है कि लामाार्टिनियर कॉलेज के पीछे निर्माणाधीन फ्लाईओवर G-2 फ्लाईओवर की निर्माण सामग्री जिसमे शटरिंग, डीजल, जनरेटर, सिलेंडर आदि शामिल था, के बहने का समाचार है। यह नुकसान 30 करोड़ रूपये के करीब आँका गया है।

इस स्थिति का सामना करने के लिए प्रशासन और नगर निगम की टीमें राहत-बचाव कार्य में लगी हैं। प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित निकासी, पेयजल और जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है।

सुरक्षा कारणों से शनिवार को ही मरीन ड्राइव स्थित फूड वैली को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। यहाँ लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से लगाए गए नोटिस में कहा गया है कि गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी भरने के कारण फूड वैली को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यहां प्रवेश और अन्य गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। स्थिति सामान्य होने पर फूड वैली को दोबारा खोलने की सूचना दी जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। प्रशासन और नगर निगम की टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं। बक्शी का तालाब, फैजुल्लागंज समेत अन्य इलाकों में राशन किट और दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं। डीएम, नगर आयुक्त और स्थानीय विधायक खुद मौके पर पहुंचकर लोगों से उनका हाल ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *