इजराइल ने गाजा में मानवीय युद्धविराम को अस्वीकार कर दिया

इजराइल ने गाजा में मानवीय युद्धविराम की पेशकश को खारिज कर दिया है।

इजराइल ने गाजा में मानवीय युद्धविराम को अस्वीकार कर दिया

अरब मीडिया के मुताबिक, इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि विदेशियों की निकासी के अलावा गाजा में फिलहाल किसी तरह की मानवीय सहायता और कोई युद्धविराम नहीं किया गया है।

इससे पहले मिस्र के सुरक्षा सूत्रों ने दावा किया था कि अमेरिका, इजराइल और मिस्र के बीच दक्षिणी गाजा में सुबह 6 बजे से युद्धविराम पर सहमति बनी है।

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया से मिली ख़बरों के हवाले से, हमास ने भी जानकारी दी है कि मानवीय कारणों से संघर्ष विराम से सम्बंधित कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

आने वाले दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति के इजरायल दौरे पर जाने की संभावना है। अमरीकी मीडिया के मुताबिक, अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन आने वाले दिनों में इजरायल दौरे पर विचार कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में अमरीकी अधिकारी का बयान सामने आया है कि अमरीकी राष्ट्रपति के इजराइल दौरे को लेकर अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है।

अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को काहिरा में कहा था कि मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप और गाजा के बीच राफा क्रॉसिंग को फिर से खोला जाएगा और सहायता पहुंचाने के लिए इजरायल के साथ एक तंत्र पर सहमति होगी।

गौरतलब है कि इजराइल ने गाजा में संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी शिविर समेत कई जगहों पर बमबारी की है, जिसके नतीजे में एक ही परिवार के 17 सदस्यों सहित कई और लोग मारे गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के हवाले से पता चला है कि इजराइल के हमलों में मरने वालों की कुल संख्या 2,750 हो गई है, जबकि इन हमलों में अबतक 9,700 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *