इजरायल-हमास जंग एक सप्ताह से जारी, विस्थापित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है

हमास द्वारा इजरायल पर किये गए हमले के बाद से ये युद्ध जारी है और हर दिन विनाशकारी होता जा रहा है। युद्ध 7 अक्टूबर को शुरू हुआ था और सप्ताह गुजरने के बाद इजरायल के 1,300 लोगों की मौत जबकि 3,418 के घायल होने की खबर है। इस जंग में गाजा के करीब 1,900 लोगों की मौत और 7,696 लोगों के ज़ख़्मी होने की खबर है।

इजरायल-हमास जंग एक सप्ताह से जारी, विस्थापित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है

उत्तरी गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनियों को इजरायली डिफेंस फोर्स ने 24 घंटे के भीतर इलाका खाली कर के दक्षिणी गाजा की ओर जाने की सलाह दी थी। इस आदेश के बाद उत्तरी गाजा में रह रहे फिलिस्तीनी, दक्षिणी गाजा की ओर कूच कर रहे थे। इसी बीच उनपर हमला हो गया। इस हमले में 70 लोग मारे गए।

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इजरायल के इस आदेश से उत्तरी गाजा के 11 लाख लोग प्रभावित होंगे, जो पूरे गाजा पट्टी की आधी आबादी के बराबर है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इजरायली सरकार से इस आदेश पर पुनर्विचार करने की अपील भी की। इस मामले में एंटोनियो गुटेरेस ने फिलिस्तीनी क्षेत्र में रहने वाले 2.3 मिलियन लोगों में से आधे के प्रभावित होने का हवाला दिया।

वेस्ट बैंक में भी 700 लोगों के ज़ख़्मी होने की खबर है। उत्तरी गाजा छोड़कर फिलिस्तीनी दक्षिण गाजा की तरफ जाने वाले निहत्थे फिलिस्तीनी ट्रकों और कारों में सवार होकर दक्षिणी गाजा की तरफ जा रहे थे। इसी बीच उनपर हमला हुआ। हमास के मीडिया कार्यालय के अनुसार, इजरायल ने इन लोगों के काफिले पर हवाई हमला किया।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक़, उत्तरी गाजा के अस्पतालों में भर्ती सैकड़ों गंभीर मरीजों को निकालने से उनकी जान को खतरा है। फिलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी विश्व स्वास्थ्य संगठन से कहा कि अगर इजरायल के फैसले के मुताबिक, फिलस्तीन मंत्रालय के तहत चल रहे दो अस्पतालों से मरीजों को ट्रांसफर करने में मरीजों की जान को खतरा है।

ईरान के विदेश मंत्री ने भी चेतावनी दी कि गाजा पट्टी पर इजराइल के हमले तुरंत नहीं रोके गए तो हिंसा मध्य पूर्व के अन्य हिस्सों में फैल सकती है। इस बीच ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत इजरायल से भारतीय नागरिकों की सकुशल वापसी जारी है। आज इजरायल से भारतीयों का दूसरा बेड़ा भी दिल्ली पहुंचा। 

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ जंग के बीच गाजा पट्टी में 4,23,000 से अधिक लोग अपने घरों को छोड़कर जाने को मजबूर हो गए हैं। इजराय की ओर से फिलस्तीनी क्षेत्र पर भारी बमबारी जारी है। ऐसे में विस्थापित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *