सीरिया के भीतर दाइश पर गरजे इराक़ी युद्धक विमान

इराक़ी सेना के युद्धक विमानों ने सीरिया के भीतर दाइश के आतंकियों के सरग़नों की बैठक पर बमबारी की।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सेना के संयुक्त आप्रेश्नल कमान्ड ने एक बयान में कहा कि सीरिया के दैरिज़्ज़ूर प्रांत के सूसा क्षेत्र में दाइश के सरग़नों के एकत्रित होने के स्थान को निशाना बनाया गया जिसमें उक्त ठिकाना पूरी तरह तबाह हो गया।

इस रिपोर्ट के आधार पर इराक़ी सेना के युद्धक विमानों ने देश की सशस्त्र सेना के सुप्रिम कमान्डर के आदेश पर सूक्ष्म सूचनाओं के बाद आतंकवादियों के ठिकानों और उनके स्रोतों को समाप्त करने के लिए यह कार्यवाही की थी।

बताया जाता है कि इराक़ी सेना के युद्धक विमानों की इस कार्यवाही में आतंकवादी गुट दाइश के 30 सरग़ना मारे गये।

इराक़ के सरकारी सूत्रों ने रविवार को बताया था कि सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने इराक़ी सेना को सीरिया के भीतर दाइश के आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाने की अनुमति दे दी है।

इराक़ी सेना के युद्धक विमानों और तोपख़ाना यूनिटों ने हालिया महीनों के दौरान कई बार इराक़ी सीमा से निकट सीरिया के पूर्वी क्षेत्रों में आतंकवादी गुट दाइश के ठिकानों पर हमले किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *