इंडोनेशिया में नौका में आग लगने से 23 लोगों की मौत, 17 अब भी लापता

जकार्ता। जकार्ता के तट के पास एक नौका में आग लगने की घटना में 17 लोगों के अब भी लापता होने के बीच सोमवार को तलाश अभियान फिर से शुरू हो गया। इस दुर्घटना में 23 लोगों की मौत हो गई।

indonesia

 

अधिकारियों ने बताया कि जकार्ता के पास एक बंदरगाह से केपुलायुआन सेरिबु श्रृंखला में एक रिसॉर्ट द्वीप तिदुंग जा रही नौका में कल आग लग गई थी।

 

इस नौका में 260 से अधिक लोग सवार थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अधिकतर यात्री इंडोनेशियाई थे जो नववर्ष की छुट्टी मना रहे थे। जकार्ता तलाशी एवं बचाव एजेंसी के अधिकारी दीतो ने कहा कि कम से कम पांच नौकाओं एवं कई स्पीडबोट एवं रबड़बोट को तलाश अभियान में लगाया गया है।

 

दीतो ने कहा कि बचाए गए 224 यात्रियों में से 32 का तीन अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।

 

जकार्ता डिजास्टर मिटिगेशन एजेंसी के अधिकारी सेपली माड्रेटा ने कहा कि आग ने करीब आधी नौका को तबाह कर दिया और 23 शव बरामद हुए हैं। जकार्ता पुलिस स्वास्थ्य विभाग के कर्नल उमर शाहाब ने कहा कि नौका में मिले 20 शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान करना संभव नहीं है और पहचान करने के लिए उन्हें एक पुलिस अस्पताल में भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *