देश में ठंड का प्रकोप जारी, यातायात बुरी तरह प्रभावित, स्कूल बंद

सोमवार की सुबह भी दिल्ली में घने कोहरे के छाए रहने से रेल और विमान सेवा बाधित रही। कम से कम 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं जबकि दिल्ली एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पहली जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं।

सरकारी बयान के अनुसार हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फ़ैसला किया है। मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिन ठंड का प्रकोप बना रह सकता है।

https://twitter.com/MDEjazMallick2/status/1211550024594685953?s=20

श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए और रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीतलहर तेज़ हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *