भारतीय नौसेना मार्कोज कमांडो ने हाईजैक शिप को अपहरण से बचाया

अरब सागर में सोमालिया के तट के पास हाईजैक हुए कार्गो जहाज ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ को भारतीय सेना ने समुद्री लुटेरों के चंगुल छुड़ा लिया है। जहाज को हथियारबंद लोगों ने अपहरण करने का प्रयास किया था।

भारतीय नौसेना मार्कोज कमांडो ने हाईजैक शिप को अपहरण से बचाया

बहादुरी की एक ओर मिसाल पेश करते हुए भारतीय नौसेना मार्कोस कमांडोज़ ने उत्तरी अरब सागर में हाईजैक हुए मालवाहक जहाज ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ को समुद्री लुटेरों के चंगुल से आज़ाद कराने में सफलता पायी है। जहाज में फंसे सभी 21 लोगों को बचा लिया गया है। इनमें 15 भारतीय भी हैं।

जहाज में सवार लोगों को सुरक्षित निकाल लेने के बाद अब मरीन कमांडोज मामले की पड़ताल कर रहे हैं। नौसेना ने इस मामले से जुड़े कई वीडियोज़ सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।

नौसेना के मार्कोस कमांडो ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें जहाज पर हथियार से लैस पांच से छह लोगों के सवार होने की खबर मिली थी। जहाज का पता लगाने के लिए तुरंत एक युद्धपोत, समुद्री गश्ती विमान पी-8 आई और लंबी दूरी के ‘प्रीडेटर एमक्यू9बी ड्रोन’ को तैनात किया गया।

घटना गुरूवार की थी और शुक्रवार को आईएनएस चेन्नई ने दोपहर बाद करीब 3:15 बजे अरब सागर में सोमालिया के तट के पास अगवा पोत को घेर लिया था।

कमांडो से मिली जानकारी से पता चला कि इन जवानों ने जहाज को चारों ओर से घेर कर समुद्री लुटेरों को जहाज छोड़ने की चेतावनी दी। इसके साथ ही भारतीय नौसेना के मार्कोस कमांडो इस अगवा जहाज़ तक पहंचे और उसकी तलाशी लेने पर उन्हें वहां कोई अपहरणकर्ता नहीं मिला।

अनुमान लगाया जा रहा है कि भारी संख्या में कमांडो को देखकर ये लुटेरे डर की वजह से फरार हो गए। फिलहाल, भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस चेन्नई कार्गो शिप एमवी लीला नॉरफॉक के पास मौजूद है। जहाज में बिजली पानी की सभी व्यवस्थाएं बहाल कर दी गई हैं। नेविगेशन सिस्टम भी शुरू हो गया है। अब जहाज अगले बंदरगाह तक यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *