फिलीपीन के तट पर भारतीय मालवाहक पोत डूबा: 16 को बचाया गया, दस लापता

नई दिल्ली: फिलीपीन के तट पर भारतीय मालवाहक पोत डूबा. भारतीय विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि पिछले सप्ताह फिलीपीन के तट के निकट प्रशांत महासागर में एक मालवाहक पोत के डूबने के बाद से लापता चालक दल के 10 भारतीय सदस्यों की तलाश के लिए सरकार विमान और पोत का इस्तेमाल कर रही है. उसने यह भी कहा कि ‘एमराल्ड स्टार’ पोत के चालक दल के पांच भारतीय सदस्य फिलीपीन के आईरीन में हैं तथा भारतीय राजनयिक मिशन उनको मनीला ला रहा है जहां से उन्हें स्वदेश भेजा जाएगा.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘गुआंगझोउ में हमारे वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने श्यामन (चीन) के एक अस्पताल में भर्ती चालक दल के भारतीय सदस्यों से मुलाकात की. चालक दल के 11 सदस्य श्यामन में हैं. चालक दल के 10 लापता सदस्यों का विमान और पोत का इस्तेमाल करके पता लगाया जा रहा है. हम आगे के ब्योरे के बारे में नियमित रूप से अवगत कराते रहेंगे.’ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अलग से ट्वीट कर बताया कि जहाज पर 26 भारतीय थे जिनमें से 16 बचा लिये गये और 10 अब भी लापता हैं.
उन्होंने कहा, ‘जापान में भारतीय दूतावास ने मुझे बताया कि जापान तटरक्षक बल का एक हेलीकॉप्टर और दो गश्ती जहाज बचाव अभियान में लगे हैं.’ मंत्री ने बताया कि भारतीय नौसेना का पी 81 विमान मनीला पहुंच गया है और लापता भारतीयों के वास्ते तलाशी एवं बचाव अभियान में जुट गया है. पी 81 लंबी दूरी का समुद्री टोही विमान है. आपको बता दें कि शुक्रवार को 33,205 टन वजनी मालवाहक पोत ‘एमराल्ड स्टार’ ओकिनावा के तट के निकट डूब गया था. चालक दल में भारत के 26 लोग थे. 16 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया. फिलीपीन, जापान और चीन में भारतीय मिशनों द्वारा चालक दल के बाकी लापता सदस्यों के लिए तलाशी अभियान चलाया गया.

 

 

http://www.naqeebnews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *