भारत 64,000 से अधिक पेटेंट के साथ दुनिया का छठा सबसे बड़ा पेटेंट दाखिलकर्ता बन गया है। नई दिल्ली में वार्षिक टेक फेस्टिवल को संबोधित करते हुए यह जानकारी केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने दी।

डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने आगे कहा कि इनमें से 55% से अधिक पेटेंट भारतीय नवप्रवर्तकों द्वारा दर्ज किए गए हैं। वार्षिक टेक फेस्टिवल को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि देश वैश्विक नवाचार सूचकांक में 81वें स्थान से 38वें स्थान पर आ गया है। उन्होंने चंद्रयान-3, दुनिया की पहली डीएनए वैक्सीन के विकास, स्वदेशी एंटीबायोटिक्स और अन्य जैसे देश के मील के पत्थरों की भी सराहना की।
इस उपलब्धि के एक हिस्से के रूप में, भारत 6G तकनीकों के लिए पेटेंट दाखिल करने वाले शीर्ष छह देशों में भी शामिल हो गया है, जिसकी घोषणा संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने की थी।
इस अवसर पर डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने इस बात पर ज़ोर दिया कि तेज़ी से बदलते भारत में, उद्यमिता, स्टार्ट-अप, प्रतिभा और अनुप्रयुक्त विज्ञान पारंपरिक सरकारी नौकरियों की तुलना में अधिक अवसर प्रदान कर रहे हैं।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने उन्नत डिग्री के बिना भी सुलभ वित्त पोषण, मार्गदर्शन और कौशल विकास के रास्ते सुनिश्चित किए हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि यात्रा के दौरान डॉ. सिंह ने छात्रों के साथ बातचीत की, उनके नमूनों की जांच की और उन्हें आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की भावना के साथ नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।















