दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप के मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए इसके जवाब में टीम इंडिया ने 25 गेंद रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया। भारत ने इसके साथ ही सुपर चार चरण के लिए दावा मजबूत कर लिया है।

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद कहा कि मेरे जन्मदिन पर यह देश को रिटर्न गिफ्ट है। सूर्या ने अपनी जीत को पहलवान पीड़ितों के परिवार को समर्पित किया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की जीत पर एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि ये जीत भारतीय आर्म्ड फोर्स के नाम है। गौतम गंभीर ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी कहा कि उन्हें धन्यवाद कहा।
एशिया कप के इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 127 रन बनाने में 9 विकेट खर्च कर दिए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।
भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया और 3 विकेट ले लिए। वहीं 2-2 विकेट अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने झटके। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 40 और शाहीन अफरीदी ने नाबाद 33 रन बनाए।
टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को 25 गेंद पहले ही पूरा कर लिया। टीम इंडिया के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने वहीं 31-31 रन बनाए।
भारत की प्लेइंग 11 – भारत- अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान की प्लेइंग 11 – पाकिस्तान- साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद।













