बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों से हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी टीमों का नाम वापस लिया

नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर : हॉकी इंडिया ने मंगलवार को इंग्लैंड में कोरोना खतरे और सख्त क्वारंटीन नियमों के मद्देनजर बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों से भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम का नाम वापस ले लिया है। इससे पहले इंग्लैंड ने सोमवार को अगले वर्ष भारत में होने वाले हॉकी विश्व कप से अपनी जूनियर हॉकी टीम का नाम वापस लिया था।

बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों से हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी टीमों का नाम वापस लिया

हॉकी इंडिया ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि पूरे यूरोप में इंग्लैंड कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। ऐसे में भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम का अगले वर्ष बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेना उचित नहीं होगा। हॉकी इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय टीमों का पूरा ध्यान एशियाई खेलों पर है जो 2024 पेरिस ओलंपिक की तैयारियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

हॉकी इंडिया ने कहा, “ बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल अगले वर्ष 28 जुलाई से आठ अगस्त तक आयोजित होंगे, जबकि 10 से 25 सितंबर तक एशियाई खेल आयोजित होंगे। राष्ट्रमंडल खेलों की समाप्ति और एशियाई खेलों की शुरुआत के बीच सिर्फ 32 दिनों की खिड़की ही उपलब्ध है। एशियाई खेल इसलिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यह 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए एक महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट है। हम एशियाई खेलों की अहमियत को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय हॉकी टीमों के किसी भी सदस्य के कोरोना की चपेट में आने का जोखिम नहीं ले सकते हैं। ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *