नितिन पटेल को हार्दिक पटेल ने दिया यह ऑफर

बोटाद। भले ही विजय रूपाणी को मुख्यमंत्री बनाकर भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में अपनी सरकार बना ली हो, लेकिन कथित तौर पर विभाग के आवंटन को लेकर उपमुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ पाटीदार नेता नितिन पटेल खुश नहीं है।

इस पर पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) के नेता हार्दिक पटेल ने नितिन पटेल को सत्तारूढ़ भाजपा से नाता तोडऩे पर उन्हें कांग्रेस में सम्मानीय पद दिलाने का ऑफर दिया है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा का खुलेआम विरोध कर चुके हार्दिक ने शनिवार को बोटाद में चुनाव परिणामों को लेकर पास के चिंतन शिविर से पहले पत्रकारों से कहा कि नीतिनभाई भाजपा में अपमान के बाद अगर हमारे साथ जुड़ जाएं तो साथ मिल कर गुजरात में सुशासन की लड़ाई लड़ी जाएगी।

 

वह 10 विधायकों को साथ लेकर भाजपा से इस्तीफा दे दें तो कांग्रेस में उन्हें योग्य स्थान दिलाएंगे। नीतिनभाई ने भाजपा को गुजरात में मजबूत बनाने में 30 साल तक कड़ी मेहनत की है और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की ‘दादागिरी’ के चलते उनका अपमान किया गया है।

 

इसी वजह से वडोदरा से किसी भाजपा नेता को मंत्री नहीं बनाया गया है जबकि सूरत जिसने भाजपा की लाज बचाई है को भी केवल एक ही राज्य मंत्री मिला है। अगर नीतिनभाई तैयार हो कि भाजपा छोडऩा है तो हम उनका पूरा साथ देंगे मैं सामने से कांग्रेस से बात कर उन्हें योग्य स्थान दिलाऊंगा।

 

ज्ञातव्य है कि भाजपा को इस बार केवल 99 सीटें मिली हैं जो बहुमत के लिए जरूरी 92 से मात्र सात ही अधिक है। दो दिन पहले विभागों के बंटवारे के बावजूद पटेल ने अब तक पदभार नहीं संभाला है। वह सरकारी गाड़ी का भी इस्तेमाल नहीं कर रहे। उन्हें मनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता भी जुटे हैं। पटेल से वित्त, नगर विकास और नगरीय आवास तथा पेट्रोरसायन जैसे महत्वपूर्ण विभाग ले लिए गए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *