राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, लोकायुक्त के विशेष प्रतिवेदनों से करायें अवगत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने लोकायुक्त एवं उप-लोकायुक्त के विशेष प्रतिवेदनों पर राज्य सरकार की प्रस्तावित और की गयी कार्यवाही के साथ स्पष्टीकरण-ज्ञापन उपलब्ध कराने को कहा है।

ram-naik-akhilesh-yadav

राज्यपाल राम नाईक ने पत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश लोकायुक्त तथा उप-लोकायुक्त अधिनियम की धारा-12(7) के अंतर्गत अब तक प्रेषित 52 विशेष प्रतिवेदनों पर 31 जुलाई, 2016 तक  केवल 2 विशेष प्रतिवेदनों पर राज्य सरकार ने स्पष्टीकरण-ज्ञापन उपलब्ध कराये गये हैं। शेष 50 के संबंध में न तो स्पष्टीकरण-ज्ञापन प्राप्त हुआ है और न ही राज्य विधान मण्डल के समक्ष प्रस्तुत किये जाने की सूचना प्राप्त हुई है। राज्यपाल ने पत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश लोकायुक्त तथा उप-लोकायुक्त अधिनियम 1975 के अंतर्गत लोकायुक्त संस्था मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा लोक-सेवकों द्वारा अपने पद व शक्ति के दुरूपयोग कर भ्रष्टाचार करने, अवैध सम्पत्ति अर्जित करने, लोक सम्पत्ति को निजी हित में उपयोग लाने की शिकायतों की जांच करने व सुशासन को सबल बनाने के उद्देश्य से गठित की गयी है। उन्होंने कहा है कि मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा लोक-सेवकों के विरूद्ध भ्रष्टाचार से संबंधित प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद लोकायुक्त द्वारा राज्यपाल को प्रेषित विशेष प्रतिवेदन पर भी कार्यवाही न किये जाने से उत्तर प्रदेश लोकायुक्त तथा उप-लोकायुक्त अधिनियम 1975 एवं इसके अंतर्गत गठित लोकायुक्त संगठन का उद्देश्य ही विफल हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *