गाजियाबाद में पांच मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली से सटे गाजियाबाद की खोड़ा कालोनी में पांच मंजिला इमारत गिर गई है. इमारत के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. लगातार दो दिनों से जारी बारिश के बाद यह हादसा हुआ है. खबर लिखी जाने तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल की कई टीमें पहुंच गई हैं. बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

हालांकि इस मामले में गाजियाबाद के डीएम ऋतु माहेश्वरी का कहना है कि बिल्डिंग को पहले ही खाली कराया जा चुका है. लगातार बारिश होने की वजह से आसपास के रास्ते को भी खाली करा लिया गया था. इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.

इस हादसे पर गाजियाबाद के एसपी आकाश तोमर का कहना है कि इमारत 5 मंजिला है. कुछ समय पहले इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था. कोई यहां रह नहीं रहा था. इमारत को खाली कराया गया था, फिर भी देख रहे हैं कहीं कोई दबा तो नहीं है.

बिल्डिंग रफीक मालिक नाम के बिल्डर की बताई जा रही है. सबसे नीचे बेसमेंट था. उसके ऊपर एक जूते की दुकान का शोरूम था. बिल्डिंग में एक एसी की दुकान, कपड़े की दुकान का मॉल और एक्सिस बैंक का एटीएम था. बिल्डिंग में ऊपर 4 मंजिल फ्लैट थे, जिनमें फिनिशिंग का काम चल रहा था. कुछ दिन पहले रात में हाइवे पर काम करने वाली एक क्रेन के घुसने से इसका पिलर अंदर घुस गया था. शोरूम में 15 दिन पहले आग भी लगी थी. जिसके बाद तीनों फ्लोर पर ऊपर के हिस्से में क्रेक आ गया था.

बता दें, इससे पहले रविवार को गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर कॉलोनी में रविवार को एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई थी. मलबे में करीब 13 लोग मजदूरों के फंसे होने की सूचना थी. हाल ही में ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में दो इमारतें गिरी थीं, इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *