नीट पेपर लीक विवाद और जंतर-मंतर पर हुए मशहूर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शन पर अब एक फीचर फिल्म बन रही है। फिल्म का नाम ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’ रखा गया है और इसका टाइटल ऑफिशियली रजिस्टर हो गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर के गोविंद देव ‘ब्रह्मा’ इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि फिल्म में आंदोलन की पूरी कहानी और उससे जुड़े कई ऐसे पहलू दिखाए जाएंगे जो अभी तक लोगों के सामने नहीं आए हैं।
ख़बरों के मुताबिक़, इस फिल्म का बजट 20 करोड़ रुपये से ज़्यादा होगा। इस फिल्म के बारे में प्रोड्यूसर्स का कहना है यह डॉक्यूमेंट्री के बजाय एक बड़े लेवल की फीचर फिल्म होगी। फिलहाल, स्क्रिप्ट को फाइनल किया जा रहा है, जबकि शूटिंग लोकेशन और दूसरी प्री-प्रोडक्शन तैयारियां चल रही हैं।
उम्मीद है कि ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’ अगले साल रिलीज़ हो सकेगी। मुंबई में फिल्म की स्टार कास्ट, डायरेक्टर और को-प्रोड्यूसर को लेकर बातचीत चल रही है। अगर सारी तैयारियां तय समय के हिसाब से पूरी हो जाती हैं, तो फिल्म 2027 में थिएटर में रिलीज़ होने वाली है।
फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि इसमें उस दौर के आंदोलन, एजुकेशन सिस्टम से जुड़े मुद्दे और सिनेमा में होने वाली राजनीतिक घटनाओं को दिखाया जाएगा। हालांकि, फिल्म में किए गए दावे और दिखाई जाने वाली घटनाएं फिल्म बनाने वालों के नज़रिए पर आधारित होंगी। हालाँकि गोविंद देव ‘ब्रह्म’का कहना है कि पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन पूरी तरह जायज था। उनके मुताबिक़, जिन युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और जिन्होंने अपनी जान तक गंवाई, उनका दर्द वास्तविक है।
बताते चलें कि लेखक रहे गोविंद देव ‘ब्रह्म’ पहले भी कई टीवी और फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं। ‘राखी का स्वयंवर’ की स्क्रिप्ट भी उनकी ही लिखी थी। इसके अलावा वह किन्नरों पर बनी फिल्म ‘अधूरी ख्वाहिश’ के लेखक रहे हैं। उनकी इस फिल्म को कई पुरस्कार भी मिले हैं।