राज्य निर्वाचन आयोग ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस बारे में जानकारी उपलब्ध कराई है। इसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत नागरिकों द्वारा भरे जाने वाले फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से भरा जायेगा। फार्म-6 में आवेदक का नाम व सही पता शुद्ध वर्तनी में, नवीनतम स्पष्ट फोटो एवं वर्तमान मोबाइल नम्बर अंकित किया जाना आवश्यक है।

आयु प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र सहित आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, शैक्षणिक प्रमाण पत्र या पासपोर्ट मान्य होंगे, जबकि दस्तावेज न होने पर निर्धारित आयु वर्ग के अनुसार शपथ पत्र या स्थानीय निकाय द्वारा जारी प्रमाण पत्र स्वीकार किया जाएगा, वहीं निवास प्रमाण के लिए आधार, एक वर्ष पुराना बिजली-पानी-गैस बिल, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, भूमि अभिलेख, किरायानामा या विक्रय विलेख देना होगा और इनके अभाव में स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कि घोषणा पत्र में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से स्वयं या परिजनों का विवरण भरना होगा। विवरण न मिलने पर नोटिस जारी किया जाएगा, जिसके जवाब में जन्म तिथि और जन्म स्थान से जुड़े निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार, पात्र नागरिक voter.eci.gov.in पर ऑनलाइन या बीएलओ/ईआरओ के माध्यम से ऑफलाइन फार्म-6 व घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं।
यूपी एसआइआर में आयु प्रमाण पत्र के लिए लगने वाले डॉक्यूमेंट्स
सक्षम स्तर द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र
आधार कार्ड
पैन कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
हाईस्कूल/इण्टरमीडिएट का प्रमाण-पत्र जिसमें जन्म तिथि का उल्लेख हो
भारतीय पासपोर्ट
जन्म तारीख के सबूत के लिए कोई अन्य दस्तावेज (यदि उपरोक्त अभिलेख उपलब्ध नहीं हों)
डॉक्यूमेंट्स न होने पर क्या करें
इस परिस्थिति में 18 से 21 आयु वर्ग के आवेदकों को अपने माता/पिता अथवा गुरू (तृतीय लिंग के संदर्भ) के हस्ताक्षर से शपथ पत्र (अनुलग्नक-27) के साथ बूथ लेवल अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी /निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होना होगा।
यदि उपरोक्त में से कोई भी अभिलेख उपलब्ध नहीं है और माता/पिता भी जीवित न हों तो आवेदक ग्राम प्रधान/नगर निगम/नगर पंचायत के सदस्यों द्वारा प्रदत्त आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकता है।
यदि आवेदक की आयु 21 वर्ष अथवा उससे अधिक है तो वह स्वयं बूथ लेवल अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर आयु के संबंध में मात्र अपना घोषणा पत्र प्रस्तुत करेगा।
निवास के लिए आवश्यक कागजात
उस पते पर पानी/बिजली/गैस कनेक्शन बिल (कम से कम एक वर्ष का)
आधार कार्ड
राष्ट्रीय/अनुसूचित बैंक/डाकघर की वर्तमान पास बुक
भारतीय पासपोर्ट
राजस्व विभाग का भूमि स्वामित्व अभिलेख, जिसमें किसान बही भी है
रजिस्ट्रीकृत किराया पट्टा विलेख (किरायेदार की दशा में)
रजिस्ट्रीकृत विक्रय विलेख (स्वयं के घर की दशा में)
उपरोक्त में से कोई अभिलेख उपलब्ध न होने की दशा में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्थलीय सत्यापन कराया जाना आवश्यक होगा।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत जमा किये जाने वाले फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र दिया जाना भी अनिवार्य हैं। घोषणा पत्र में आवेदक को वर्ष 2003 की अंतिम मतदाता सूची में से स्वयं का अथवा अपने माता/पिता अथवा दादा/दादी या नाना/नानी में से किसी एक का विवरण, विधान सभा क्षेत्र संख्या, भाग संख्या तथा क्रम संख्या के साथ भरकर प्रस्तुत करना होगा।
मैपिंग सही होने पर आवेदक को कोई नोटिस नहीं भेजा जाएगा। घोषणा पत्र में दिया गया विगत विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण निर्वाचक नामावली-2003 का विवरण यदि उपलब्ध नहीं है अथवा डेटा बेस से मेल नहीं खाता है तो आवेदक को नोटिस निर्गत किया जायेगा।
नोटिस आने पर इस तरह दें जवाब
1- किसी भी केंद्र सरकार/राज्य सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के नियमित कर्मचारी/ पेंशनभोगी को जारी किया गया कोई भी पहचान पत्र/पेंशन भुगतान आदेश।
2- 01.07.1987 से पहले सरकार/स्थानीय प्राधिकरणों/बैंकों/डाकघर/एलआईसी /सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा भारत में जारी किया गया कोई भी पहचान पत्र/प्रमाण पत्र /अभिलेख।
3- सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र।
4- भारतीय पासपोर्ट।
5- मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालयों द्वारा जारी मैट्रिकुलेशन/शैक्षणिक प्रमाण पत्र
6- सक्षम राज्य प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी निवास प्रमाण पत्र।
7- वन अधिकार प्रमाण पत्र।
8- सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी ओबीसी/एससी/एसटी या कोई भी जाति प्रमाण पत्र
9- राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहाँ भी हो)
10- राज्य/स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा तैयार किया गया परिवार रजिस्टर।
11- सरकार द्वारा जारी कोई भी भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र।
12- आधार के लिए आयोग के पत्र संख्या 23/2025 .ईआरएस/खंड II दिनांक 09.09.2025 (अनुलग्नक II) द्वारा जारी निर्देश लागू होंगे।
13- बिहार एसआईआर की मतदाता सूची का अंश 01.07.2025 की संदर्भ तिथि के अनुसार।













