दुनिया का सातवां बड़ा ऑटो एक्सपो नौ फरवरी से

नई दिल्ली। दुनिया का सातवां ऑटो एक्सपो ‘द मोटर शो 2018’ दिल्ली एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में नौ फरवरी से शुरू होगा, जिसमें 24 नये वाहनों को लॉंच किया जायेगा और 100 से अधिक वाहनों का अनावरण किया जायेगा।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अध्यक्ष अभय फिरोदिया के मुताबिक 14वां ऑटो एक्सपो छह दिनों का होगा और यह नौ से 14 फरवरी तक चलेगा। सात और आठ फरवरी दो दिन मीडिया के लिए आरक्षित है और इन्हीं दो दिनों में नये वाहन लॉच किये जायेंगे तथा 100 से अधिक वाहनों का अनावरण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि आठ फरवरी को दोपहर में ऑटो एक्सपो की औपचारिक शुरूआत होगी लेकिन आम लोगों के लिए यह नौ फरवरी से खुलेगा। पहले 13 फरवरी तक ऑटो एक्सपो चलने वाला था लेकिन आम लोगों की सुविधा के लिए इसको एक दिन बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस शो में 51 ऑटो कंपनियां भाग ले रही हैं, जिनमें कुछ ऐसी विदेशी कंपनियां भी हैं जो भारतीय बाजार में प्रवेश करना चाह रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि इस बार स्टार्टअप पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पिछले ऑटो एक्सपो में मात्र दो स्टार्टअप टेक शामिल हुये थे लेकिन इस बार इनकी संख्या 12 पर पहुंच गयी है। इसके साथ डिजिटल टेक कंपनियां भी इसमें शामिल हो रही हैं। इस बार 14 इनडोर एक्जिबिशन हॉल बनाये गये हैं। शो के समानांतर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सेमिनार और कार्यशालायें भी आयोजित की जायेंगी।

इस बार के एक्सपो में हालांकि कुछ बड़ी कंपनियां भाग नहीं ले रही हैं। इसमें भाग लेने वाली कंपनियों में मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा मोटर्स, होंडा कार्स, टोयोटा मोटर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रैनो, के साथ ही भारतीय बाजार में प्रवेश की तैयारी कर रही कंपनी किया शामिल है। इसके साथ ही लक्जरी कार कंपनियों में मर्सिडीज बेंज, बीएमडब्यू और मिनी भी इसमें शामिल हो रही हैं। इसके साथ ही दोपहिया वाहन कंपनियां भी शामिल हो रही हैं।

 

इसके साथ ही राजधानी के प्रगति मैदान में आठ से 11 फरवरी तक ऑटो कॉम्पोनेंट शो का आयोजन किया जा रहा है जिसमें देश विदेश की कुल 1200 कंपनियां भाग ले रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *