भारत में जनवरी से कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू होने के आसार : अदार पूनावाला

नयी दिल्ली 12 दिसंबर : विश्व की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला का कहना है कि इस माह के अंत तक देश में कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की अनुमति मिल सकती है। जनवरी से देश में टीकाकरण अभियान की शुरूात भी हो सकती है।

एक ग्लोबल बिजनेस समिट में अदार पूनावाला ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इस माह के अंत तक एसआईआई को वैक्सीन के आपात इस्तेमाल का लाइसेंस मिल सकता है जबकि उसके वृहद इस्तेमाल की अनुमति बाद में मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें यक़ीन है कि नियामक की मंजूरी मिलते ही जनवरी 2021 से भारत में कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू हो जायेगा।

पूनावाला के मुताबिक़ उनकी कंपनी सरकार के साथ-साथ निजी बाजार के लिए कोरोना वैक्सीन की डोज तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अगले साल जुलाई तक कोरोना वैक्सीन के 30 से 40 करोड़ डोज खरीदना चाहती है। इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की योजना देश की 20 से 30 फीसदी आबादी को कोरोना का टीका देने की है।

उन्होंने उम्मीद जतायी कि अगले साल अक्टूबर तक देश की अधिकांश आबादी को कोरोना वैक्सीन का टीका लग जायेगा और तब ही जिंदगी सामान्य होगी।
कोरोना वैक्सीन के बारे में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ये वैक्सीन वायरस के संक्रमण से व्यक्ति का बचाव करने के साथ संक्रमण के प्रसार को रोकने में सक्षम है या नहीं। इस पर अदार पूनावाला ने कहा कि अभी तक उन्हें भी इसका पता नहीं । देश की 20 फीसदी आबादी को जब कोरोना वैक्सीन का टीका लग जायेगा, तब ही भरोसा लौटेगा और धारणा मजबूत होगी। उम्मीद है कि अगले साल सितंबर और अक्टूबर तक हर व्यक्ति के लिए वैक्सीन उपलब्ध होगी और जीवन सामान्य हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *