हॉलीवुड और अमेज़न और के बीच एक नए मामले के आगाज़ ने दर्शकों को हैरान कर दिया है। अमेजन प्राइम वीडियो ने जेम्स बॉन्ड की क्लासिक फिल्मों के पोस्टर्स में छेड़छाड़ करते हुए ‘गन’ को हटा दिया है। हाल ही में हुए इस बदलाव से फैन्स नाराज़ हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है।

अमेज़न द्वारा जेम्स बॉन्ड की क्लासिक फिल्मों के पोस्टर्स से ‘गन’ हटाने को फैन्स संस्कृति के प्रतीक के साथ खिलवाड़ बता रहे हैं। मामला लोगों की जानकारी में तब आया जब पिछले सप्ताह अमेजन प्राइम वीडियो यूके ने अपनी वेबसाइट पर जेम्स बॉन्ड सिरीज की नई प्रमोशनल पोस्टर इमेजेस रिलीज की। इनमें ‘डॉ. नो’, ‘गोल्डन आई’ और ‘अ व्यू टू अ किल’ जैसी मशहूर फिल्मों के पोस्टर्स शामिल थे।
यह विवाद उस समय ज़ोर पकड़ गया जब 5 अक्टूबर को दुनियाभर में ‘जेम्स बॉन्ड डे’ मनाया जा रहा था। फैन्स इसे जेम्स बॉन्ड की विरासत का सम्मान करने का दिन बता रहे हैं।
पोस्टर में या तो जेम्स बॉन्ड के हाथ से बंदूक गायब थी या उसे एडिट कर दिया गया था। उदाहरण के लिए ‘डॉ. नो’ और ‘गोल्डन आई’ के पोस्टर्स में बॉन्ड के हाथ से मशहूर वाल्थर पीपीके गन गायब कर दी गई थी, जबकि ‘अ व्यू टू अ किल’ में रोजर मूरे के हाथ को इस तरह लंबा दिखाया गया कि उसमें बंदूक नजर ही न आए।
विवाद उस समय ज़ोर पकड़ा जब पोस्टर्स सामने आते ही लेखक, पत्रकार और कई अभिनेताओं ने आपत्ति दर्ज की। ये सभी लोग इसे अति-संवेदनशीलता कह रहे हैं। इतना ही नहीं ब्रिटिश लेखक स्कॉट ने इसे संस्कृति पर हमला बताया जबकि लेखक जॉन ए डग्लस ने एक्स पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए लिखा- ‘उन्होंने जेम्स बॉन्ड के सभी पोस्टरों से बंदूकें हटा दी हैं। अगर अब भी आपको लगता है कि अमेजन इस फ्रेंचाइज को संभाल सकता है, तो एक बार फिर सोचिए।’
अमेजन ने मामले के तूल पकड़ने पर तुरंत सभी पोस्टर्स हटाते हुए उस जगह फिल्मों के असली स्टिल्स लगा दिए। हालांकि इस पूरे मामले में कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।














