कांग्रेस किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी : प्रियंका गांधी

बुलंदशहर, 15 नवंबर : उत्तर प्रदेश पार्टी प्रभारी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया की पार्टी सभी सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी : प्रियंका गांधी

प्रियंका ने बुलंदशहर में ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन’ के दौरान कहा “तमाम कार्यकर्ताओं ने मुझसे कहा, कुछ भी करिए मगर इस बार गठबंधन मत करिये। मैं आप लोगों को आश्वासन देना चाहती हूं, हम सारी सीटों पर लड़ेंगे और अपने दम पर लड़ेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी ने संशोधित नागरिकता कानून, राष्ट्रीय नागरिकता पंजी, महंगाई, किसानों और ग़रीबों पर अत्याचार, उन्नाव, सोनभद्र और हाथरस में हुए उत्पीड़न, लखीमपुर किसान नरसंहार, काले कृषि कानूनों और दलितों पर अत्याचार समेत हर मुद्दे पर संघर्ष किया है। बाकी पार्टियों ने जनता की लड़ाई नहीं लड़ी।

प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका के इस बयान को अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट भी किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय लोक दल के प्रति कथित रुझान को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच प्रियंका का यह बयान काफी महत्वपूर्ण है। प्रियंका और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने हाल में छत्तीसगढ़ सरकार के विमान से दिल्ली से लखनऊ तक की यात्रा की थी, जिसके बाद इन दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जाने लगी थीं।


प्रियंका ने कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को करो या मरो की लड़ाई बताते हुए कहा, “मैं आजादी के आंदोलन के “करो या मरो” के नारे को पुनर्जीवित करना चाहती हूं। कांग्रेस के हरेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को मजबूती से यह लड़ाई लड़नी होगी।”


इस सम्मेलन के दौरान प्रियंका ने तीन मंडलों के 14 जिलों से आए 7400 पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। प्रियंका ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस दल की नजर में स्वतंत्रता आंदोलन का कोई मोल नहीं है, क्योंकि इसके नेताओं ने देश की आजादी के लिए अपना खून-पसीना नहीं बहाया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और भीमराव अंबेडकर समेत अनेक नेताओं और क्रांतिकारियों ने आजादी की लड़ाई में अपना सब कुछ झोंक दिया। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस में 70 सालों तक तेल के दाम 70 रुपये प्रति लीटर से अधिक नहीं बढ़ने दिए। मगर पिछले सात सालों के दौरान भाजपा के शासन में इसके दाम 100 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *