कांग्रेस ने किया 16 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव समिति का ऐलान

अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव और उससे पहले के विधानसभा चुनावों पर पकड़ मज़बूत करने की कोशिश के साथ कांग्रेस ने केंद्रीय चुनाव समिति का गठन कर दिया है।

कांग्रेस ने किया 16 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव समिति का ऐलान

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति का गठन पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया। इस 16 सदस्यीय समिति में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी और सलमान खुर्शीद जैसे दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के नाम शामिल किये गए हैं।

कांग्रेस पार्टी ने आगामी चुनावों को देखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी है। कांग्रेस द्वारा पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति का गठन ऐसे समय में किया गया है जब लोकसभा चुनावों में मात्र सात महीने का समय बचा है। इसके अलावा पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। ये पांच राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय चुनाव समिति का गठन किया है। समिति सदस्यों के नामों की जानकारी के साथ शरीक लोगों में खड़गे सहित सोनिया गांधी और राहुल गांधी, अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, एन. उत्तम कुमार रेड्डी, छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस. सिंह देव, केजे. जॉर्ज, प्रीतम सिंह, मोहम्मद जावेद, अमी याग्निक, पीएल पुनिया, ओमकार मरकाम तथा वेणुगोपाल के नाम सामने आए।

बताते चलें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी प्रमुख नियुक्त होने के लगभग 10 माह के बाद हाल ही में कांग्रेस कार्यसमिति का पुनर्गठन किया था। पुनर्गठन के बाद कांग्रेस वर्किंग कमिटी में 39 नियमित सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। खास बात ये है कि इनमें 15 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा सचिन पायलट और गौरव गोगोई जैसे कई ऐसे नए चेहरों को जगह मिली है जो नियमित सदस्यों में से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *