टीम इंडिया अमेरिका में खेल सकती है टी-20 सीरीज

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज दौरे पर गई टीम इंडिया चार टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद अगस्त में एक टी-20 मैचों की सीरीज भी खेल सकती है। टेस्ट सीरीज के तुरंत बाद अगस्त में अमेरिका के फ्लोरिडा में दोनों देशों के बीच टी-20 मैचों की सीरीज कराई जाने की संभावना जताई जा रही है।

team india T 20

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) के अधिकारियों के बीच अगले महीने फ्लोरिडा के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क में टी-20 मैचों की सीरीज कराए जाने को लेकर बुधवार और गुरूवार को बातचीत हो सकती है।

बैठक में दोनों क्रिकेट बोर्ड इस बात की संभावना तलाशने में जुटे हैं कि वेस्टइंडीज में चल रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज के खत्म होने के बाद टी-20 सीरीज कराई जा सकती है या नहीं। डंकन फिंच के मुताबिक ब्रोवार्ड पार्क्स एंड रिक्रिएशन मैनेजर ने वेस्टइंडीज बोर्ड अधिकारियों से मिलकर फ्लोरिडा में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज आयोजित कराने की संभावनाएं तलाशने के लिए संपर्क किया था।

दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज त्रिनिदाद में 22 अगस्त को खत्म होगी। फिंच ने कहा, ‘हमने गत सप्ताह ही डब्ल्यूआईसीबी के प्रतिनिधियों से अगस्त के आखिर में सीरीज कराने की संभावनाओं पर बात की थी। हमारे पास 24 अगस्त से 27 और रविवार को 28 अगस्त तक का समय है।’

इस बीच सूत्रों के मुताबिक वेस्टइंडीज बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से भी बातचीत कर अमेरिका में मैच कराने की अनुमति मांगी है। इससे पहले वर्ष 2012 में वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अमेरिका में अमेरिकी क्रिकेट संघ की अनुमति से दो टी-20 मैच खेले थे। लेकिन आईसीसी ने जून 2015 में यूएसएएसीए को निलंबित कर दिया था। लेकिन अगर अगस्त में सीरीज को अनुमति मिल जाती है तो वर्ष 2012 के बाद यह अमेरिका में पहली पूर्ण सीरीज होगी।

फ्लोरिडा में कैरेबियाई प्रीमियर लीग के 28 से 31 जुलाई तक छह मैच आयोजित किए जाने हैं। हालांकि अमेरिका में लॉडरहिल अकेला आईसीसी मान्यता प्राप्त वनडे स्टेडियम है ऐसे में अगर वेस्टइंडीज और भारत के बीच टी-20 सीरीज पर सहमति बनती है तो इस स्टेडियम में मैच कराए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *